[ad_1]
हाइलाइट्स
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टेस्ट अहमदाबाद में खेला जाएगा
ऑस्ट्रेलिया की बड़ी टेंशन खत्म, ऋषभ पंत जैसा धाकड़ बैटर मिला
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया ने इंदौर टेस्ट जीतकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में वापसी की. अब आखिरी बाजी अहमदाबाद में खेली जानी है. ऑस्ट्रेलिया अहमदाबाद टेस्ट जीतकर सीरीज पर तो कब्जा नहीं कर पाएगा. लेकिन, उसके लिए भारत को उसके घर में लगातार 2 टेस्ट में हराना ही बड़ी जीत होगी. भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की वापसी में 2 खिलाड़ियों का रोल अहम रहा. एक गेंदबाज, तो दूसरा बैटर. नाथन लायन ने इंदौर टेस्ट में 11 विकेट झटके थे. वहीं, ट्रेविस हेड ने इंदौर टेस्ट की दूसरी पारी में नाबाद 49 रन ठोके थे. यानी भारत के लिए अहमदाबाद टेस्ट में हेड ही सबसे बड़ा खतरा होंगे.
हेड की काउंटर अटैकिंग पारी ने भारतीय गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया था. बता दें कि हेड को नागपुर में खेले गए बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट में मौका नहीं मिला था. ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट ने ये फैसला श्रीलंका और पाकिस्तान में उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए लिया था. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गजों ने टीम मैनेजमेंट के इस फैसले पर काफी सवाल उठाए थे.
दिल्ली टेस्ट में हेड ने अहम पारी खेली थी
इसके बाद उन्हें दिल्ली टेस्ट में प्लेइंग-XI में शामिल किया गया. हालांकि, ऐसा उनकी बैटिंग नहीं, बल्कि पार्ट टाइम गेंदबाजी के कारण किया गया था. हेड ने डेविड वॉर्नर के चोटिल होने के कारण इस टेस्ट की दूसरी पारी में ओपनिंग की थी और 46 गेंद में 43 रन की अहम पारी खेली थी. हेड की इस पारी से आर अश्विन और रवींद्र जडेजा दबाव में आ गए थे. हालांकि, उनके आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई पारी बिखर गई थी और 28 रन के भीतर ही उसके 8 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे. ऑस्ट्रेलिया दिल्ली टेस्ट बचा तो नहीं पाया. लेकिन, जिस अंदाज में टर्निंग ट्रैक पर ट्रेविस हेड ने धुंआधार बल्लेबाजी की. उसने ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट की आंखें खोल दी.
इंदौर टेस्ट में काउंटर अटैकिंग पारी खेली
इसके बाद हेड ने इंदौर टेस्ट में एक कदम आगे बढ़ाते हुए महज 53 गेंद में 49 रन की नाबाद पारी खेली. उनका स्ट्राइक रेट 93 का रहा. उनकी इस काउंटर अटैकिंग पारी के कारण ऑस्ट्रेलिया ने 19वें ओवर में ही 78 रन का टारगेट हासिल कर, भारत को 9 विकेट से इंदौर टेस्ट में हरा दिया था. यानी जिस बैटर को ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज की शुरुआत में प्लेइंग-XI के लायक नहीं समझा था. वो ही सबसे बड़ा लड़ैया बनकर उभरा और मिडिल ऑर्डर की जगह टॉप ऑर्डर में टीम के लिए दो बेशकीमती पारी खेली.
हेड को मौके से हिसाब से खेलना आता है
इंदौर टेस्ट में भी ऑस्ट्रेलिया ने 76 रन के टारगेट का पीछा करते हुए दूसरी ही गेंद पर उस्मान ख्वाजा का विकेट गंवा दिया था. इसके बाद ट्रेविस हेड और मार्नस लैबुशेन ने 10 ओवर तक डिफेंसिंव बल्लेबाजी की. लेकिन, गेंद बदलने के बाद गियर बदले और ताबड़तोड़ शॉट्स खेलने शुरू कर दिए और शुरुआती 5 रन 24 गेंद में बनाने वाले इस बैटर ने 53 गेंद में 49 रन की नाबाद पारी खेल, ऑस्ट्रेलिया को यादगार जीत दिलाई.
ऑस्ट्रेलिया को मिल गया पंत जैसा बैटर
ट्रेविस हेड ने बीते 2 साल में टेस्ट में कमाल की बल्लेबाजी की है. उन्होंने 16 टेस्ट में 52 की औसत से 1086 रन बनाए हैं. उन्होंने टेस्ट में अबतक 5 शतक जमाए हैं. इसमें से 3 बीते 2 साल में ठोके हैं. जो काम ऋषभ पंत टीम इंडिया के लिए करते हैं, वही काम हेड अब ऑस्ट्रेलिया के लिए कर रहे हैं. ऐसे में अहमदाबाद टेस्ट में भी भारत को स्टीव स्मिथ के अलावा हेड से बचकर रहना होगा और इस बल्लेबाज को जल्दी से जल्दी आउट करने की कोशिश करनी होगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Ahmedabad Test, Border Gavaskar Trophy, India vs Australia, Rishabh Pant, Travis Head
FIRST PUBLISHED : March 06, 2023, 12:16 IST
[ad_2]
Source link