[ad_1]

इमरान खान (फाइल फोटो)।
– फोटो : ANI
विस्तार
पाकिस्तान में इन दिनों राजनीतिक माहौल गर्म है। एक तरफ पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। दूसरी ओर पंजाब सरकार ने बुधवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की रैली से पहले लाहौर में धारा 144 लगाकर सार्वजनिक सभाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही प्रदर्शन कर रहे पीटीआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, रैली से पहले लाहौर में धारा 144 लागू करने को लेकर पीटीआई ने नाराजगी जताई है। इतना ही नहीं पीटीआई ने इसे लेकर अदालत का दरवाजा भी खटखटाया है।
एक अधिसूचना में, गृह विभाग ने कहा, ‘यह देखा गया है कि जिला लाहौर के विभिन्न स्थानों पर रोजाना बड़ी संख्या में रैलियां और विरोध प्रदर्शन किए जाते हैं। ये न केवल गंभीर सुरक्षा खतरा पैदा करते हैं बल्कि यातायात को भी बाधित करते हैं और बड़े पैमाने पर जनता को असुविधा का कारण बनते हैं।’
आदेश में यह भी कहा गया है कि किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए जिला लाहौर में रैलियां, जुलूस, प्रदर्शन, जलसा, धरना, विरोध और इस तरह की अन्य गतिविधियों पर रोक सात दिनों तक लागू रहेगी।
पीटीआई की अपने चुनाव अभियान शुरु करने की योजना थी
पीटीआई ने बुधवार को जमान पार्क से दाता दरबार तक एक रैली के जरिए अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करने की योजना बनाई थी। जानकारी के मुताबिक, रैली में पार्टी प्रमुख इमरान खान के व्यक्तिगत रूप से भाग लेने की वाले थे।
सरकार कानून के राज पर हमला कर रही है: इमरान खान
पंजाब सरकार के आदेश पर इमरान ने भी प्रतिक्रिया दी है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्यीय पीठ ने 90 दिनों में पंजाब और केपी में चुनाव कराने का आदेश दिया है। पीटीआई ने लाहौर में चुनावी रैली की शुरुआत की। किस कानून के तहत, पंजाब की कार्यवाहक सरकार हमारी नियोजित रैली को रोकने के लिए निहत्थे कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस हिंसा का इस्तेमाल कर रही है?’
उन्होंने आगे कहा, ‘कार्यवाहकों का एकमात्र काम निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करना है। वे जो कर रहे हैं वह कानून के शासन, हमारे संविधान और लोकतंत्र पर हमला है। यह अब जंगल का कानून है।’
राजनीतिक सभाओं पर प्रतिबंध सरकार का हथियार: पीटीआई नेता
पीटीआई नेता फवाद चौधरी ने ट्विटर पर कहा कि पंजाब में राजनीतिक सभाओं पर प्रतिबंध फासीवादी सरकार का नया हथियार है। उन्होंने कहा कि साम्राज्यवादी ताकतें हमेशा लोगों से डरती रही हैं। पाकिस्तान के लोगों ने हमेशा अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है।
पुलिस ने पीटीआई कार्यकर्ताओं को किया गिरफ्तार
पंजाब सरकार के आदेश के बाद पुलिस ने जमां पार्क के पास की सड़कों को सील कर दिया और कुछ पीटीआई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वाटर कैनन के जरिए महिला कार्यकर्ताओं को भी रोका गया है। पुलिस के मुताबिक, जमान पार्क और कैनाल रोड से पीटीआई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। उधर, इमरान ने पार्टी नेताओं को अर्जेंट मीटिंग के लिए बुलाया है।
[ad_2]
Source link