[ad_1]

टिकटॉक के सीईओ शाउ जी चेऊ।
– फोटो : ANI
विस्तार
अमेरिका की बढ़ती सुरक्षा चिंताओं और टिकटॉक कंपनी पर चीनी सरकार के संभावित प्रभाव के बीच टिकटॉक के सीईओ शाउ जी च्यू (Shou Zi Chew) ने गुरुवार को अमेरिकी कांग्रेस के सामने गवाही दी। कांग्रेस समिति के समक्ष शाउ जी च्यू की यह पहली उपस्थिति है। दरअसल, चीनी सोशल मीडिया एप टिकटॉक पर आरोप है कि वह अपने डाटा चीन की सेना- पीपुल्स लिबरेशन आर्मी को मुहैया कराता है।
च्यू को अमेरिकी हाउस एनर्जी एंड कॉमर्स कमेटी से प्रतिकूल पूछताछ का सामना करना पड़ा। पूछताछ के दौरान च्यू ने बार-बार यह जताने की कोशिशि की कि उनकी कंपनी टिकटॉक अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं को दूर करने के लिए वास्तविक रूप से कार्रवाई कर रही है।
चार घंटे की लंबी सुनवाई के दौरान च्यू ने बार-बार इस बात पर जोर दिया कि चीनी प्रौद्योगिकी कंपनी बाइटडांस (Bytedance) के स्वामित्व वाले टिकटॉक एप लंबे समय से कहता आ रहा है कि यह चीनी सरकार के साथ डाटा साझा नहीं करता है और यह अमेरिका में अपने 15 करोड़ उपयोगकर्ताओं के लिए जोखिम पैदा नहीं करता है और न ही चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) के साथ अपना डाटा साझा करता है।
अमेरिकी सांसद डेबी लेस्को (Debbie Lesko) ने पूछताछ के दौरान भारत और अन्य देशों का हवाला दिया, जिन्होंने हाल ही में किसी न किसी रूप में टिकटॉक पर प्रतिबंध लगा दिया है। लेस्को ने च्यू से पूछा, यह (टिकटॉक) एक ऐसा उपकरण है जो अंततः चीनी सरकार के नियंत्रण में है इसलिए राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं पर ध्यान देने की आवश्यकता है, ये सभी देश जो टिकटॉक पर प्रतिबंध लगा रहे हैं और हमारे एफबीआई निदेशक गलत कैसे हो सकते हैं? च्यू ने जवाब दिया, मुझे लगता है कि बताए गए बहुत सारे जोखिम काल्पनिक और सैद्धांतिक जोखिम हैं। मुझे इस बारे में कोई सबूत नहीं मिला है।
बता दें कि अमेरिकी हाउस एनर्जी एंड कॉमर्स कमेटी के प्रमुख कैथी मैकमॉरिस रॉजर्स ने जनवरी के अंत में एक बयान में कहा था कि टिकटॉक ने जानबूझकर चीनी कम्युनिस्ट पार्टी को अमेरिकी यूजर्स के डाटा तक पहुंच बनाने की अनुमति दी है। मॉरिस ने कहा था, अमेरिकियों को यह जानने का हक है कि ये कार्रवाई उनकी गोपनीयता और डाटा सुरक्षा को कैसे प्रभावित करती हैं, साथ ही टिकटॉक हमारे बच्चों को ऑनलाइन और ऑफलाइन नुकसान से सुरक्षित रखने के लिए क्या कार्रवाई कर रहा है।
[ad_2]
Source link