[ad_1]

चीता ‘ओबान’
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में नामिबिया से लाए गए चीतों में से एक फिर से रिहायशी इलाके में पहुंच गया है। रविवार की सुबह कूनो अभ्यारण से रिहायशी इलाके में पहुंचने वाला चीता ‘ओबान’ अब भी वापस नहीं आ पाया है। ‘ओबान’ फिलहाल वन विभाग के लिए मुसीबत बना हुआ है। 36 घंटे बीत जाने के बाद भी वह कूनो अभ्यारण में वापस नहीं जा रहा है। हालांकि, रविवार की शाम यह चीता कूनो अभ्यारण के एरिया में पहुंच गया था, लेकिन रात में फिर रिहायशी इलाके में पहुंच गया। उसके बाद उसे खेतों में भी देखा गया। वन विभाग की टीम लगातर उस पर नजर बनाए हुए है।
जानकारी के मुताबिक, ओबान चीता क्वारी नदी के पास के क्षेत्र में मौजूद है। ग्रामीणों ने उसे नदी में पानी पीते हुआ देखा है। बताया जा रहा है कि चीता क्वारी नदी पार कर पार्वती-बड़ौदा गांव के पास पहुंच गया है। मौके पर राजस्व, पुलिस और वन विभाग के करीब 100 अफसर-कर्मचारी मौजूद हैं। चीता अभी गांव से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर है। चीते को वापस लाने के लिए ट्रेंकुलाइज करने की योजना भी बनाई जा रही है। फिलहाल वन अमला चीते पर निगरानी रखकर उसके वापस लौटने का इंतजार कर रहा है।
विजयपुर क्षेत्र के कूनों वन मंडल के एसडीओ अमित राठौर ने बताया कि चीता पूरी तरह से सुरक्षित है। वह वन अमले की निगरानी में है। चीते को स्ट्रेस न हो इसलिए इंतजार किया जा रहा है कि वह खुद वापस लौट जाए। कूनो नेशनल पार्क से निकलकर ओबान चीता रविवार सुबह को विजयपुर के झाड़ बड़ौदा गांव के पास के इलाके में पहुंच गया था। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग और वाइल्ड लाइफ की टीम मौके पर पहुंची। इन टीमों ने ओबान चीते को ढूंढ़ना शुरू किया तो वह एक खेत में दिखा।
वन विभाग ने ओबान चीते को वहां से उठाकर कई बार ले जाने का प्रयास किया, पर टीमों का प्रयास असफल रहा। काफी मशक्कत के बाद ओबान चीता अपनी मर्जी से कूनो नेशनल पार्क की ओर जाने लगा और वन विभाग की टीम पीछे पीछे मॉनिटरिंग करती हुई जा रही थी। शाम को छह और सात बजे के बीच ओबान चीता कूनो नेशनल पार्क में पहुंच गया था। जानकारी के अनुसार, ओबान चीते ने एक गाय का शिकार भी किया था। उसका शव इलाके के ग्रामीणों ने देखा।
[ad_2]
Source link