[ad_1]
दसवीं कक्षा के पेपर लीक मामले में गिरफ्तार तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष बंडी संजय कुमार को जमानत मिल गई। अभियोजन पक्ष और भाजपा के वकील के बीच चली सात घंटे की बहस के बाद गुरुवार को हनुमाकोंडा मजिस्ट्रेट ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंडी संजय को जमानत दे दी। जमानत मिलने के बाद बंडी संजय शुक्रवार को करीमनगर जेल से रिहा हो गए। करीमनगर जिला जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद सांसद बंडी संजय ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद अपने आवास पर पहुंचे।
जेल से रिहा होने के बाद बंडी संजय ने की तीन मांग
जेल से रिहा होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बंडी संजय कुमार ने मांग की कि राज्य सरकार एसएससी पेपर लीक मामले की जांच एक सिटिंग जज से करे और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के बेटे और मंत्री केटी रामाराव को कैबिनेट से निष्कासित किया जाए। उन्होंने कहा, राज्य सरकार को प्रश्नपत्र लीक होने के कारण पीड़ित प्रत्येक छात्र को एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा करनी चाहिए। इन तीन मांगों को पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सेवा आयोग की परीक्षा में बैठने वाले 30 लाख उम्मीदवारों को पेपर लीक होने के कारण नुकसान उठाना पड़ा और इसलिए केटी रामाराव को मंत्रिमंडल से हटा दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आपका (केसीआर) परिवार शराब और लीकर परिवार है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग के पेपर लीक मामले के मुद्दे को भटकाने की कोशिश कर रही है।
[ad_2]
Source link