[ad_1]
हाइलाइट्स
पृथ्वी शॉ आईपीएल 2023 में अबतक नाकाम रहे हैं
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में खाता तक नहीं खोल पाए
नई दिल्ली. आईपीएल 2023 शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग ने पृथ्वी शॉ को लेकर बड़ा दावा किया था. पोंटिंग ने कहा था कि इस सीजन में शॉ बिल्कुल नए रूप में नजर आएंगे. लेकिन, पृथ्वी शॉ ने पोंटिंग के इस दावे की 3 मैच में ही हवा निकाल दी. शॉ ने आईपीएल 2023 में अबतक खेले 3 मैच में महज 19 रन बनाए हैं. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मैच में तो पृथ्वी शॉ खाता तक नहीं खोल पाए. उन्हें इस मैच में शुरुआती प्लेइंग-XI में नहीं उतारा गया था. बतौर इम्पैक्ट प्लेयर आजमाया गया. लेकिन, पृथ्वी शॉ अपना प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे और महज 3 गेंद में ही उनका खेल खत्म हो गया.
दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच ये मुकाबला गुवाहाटी में खेला गया था. पृथ्वी शॉ ने 3 महीने पहले यानी जनवरी में ही गुवाहाटी में मुंबई की तरफ से खेलते हुए असम के खिलाफ ट्रिपल सेंचुरी ठोकी थी. शॉ ने ओपनिंग करते हुए महज 383 गेंद में 379 रन ठोक डाले थे. लेकिन, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए गए मैच में उनकी पारी 3 गेंद में ही खत्म हो गई और तिहरा शतक जमाने वाला बैटर 3 गेंद में ही आउट हो गया.
शॉ तीनों मैच में हुए तेज गेंदबाजों का शिकार
आईपीएल 2023 में अबतक खेले तीनों मैच में पृथ्वी शॉ तेज गेंदबाजों के खिलाफ सहज नजर नहीं आए और पेसर्स ने ही उनका शिकार किया. पहले मैच में उन्हें मार्क वुड ने अपनी रफ्तार की जाल में फंसाया था. दूसरे में मोहम्मद शमी ने उन्हें अतिरिक्त उछाल से चौंकाया था और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ट्रेंट बोल्ट की स्विंग को शॉ संभाल नहीं पाए.
स्विंग, बाउंस और रफ्तार के आगे बेबस शॉ
पृथ्वी शॉ आईपीएल 2023 के पहले तीनों मैच में तेज गेंदबाजों की अलग-अलग वेरिएशन पर आउट हुए, जो चिंता की बात है. हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग शॉ के फॉर्म को लेकर चिंतित नहीं. उन्होंने मैच के बाद कहा कि ट्रेनिंग सेशन में शॉ पूरे लय में नजर आ रहे हैं. ये बात सही है कि उनका बाएं हाथ के गेंदबाजों के खिलाफ रिकॉर्ड खराब है. ये बात विपक्षी टीम को पता है. मैं शॉ के साथ उनके खेल के इस पक्ष पर काम करूंगा.
गिल से पीछे छूटे पृथ्वी
पृथ्वी शॉ की गिनती मौजूदा दौर में सबसे टैलेंटेड बल्लेबाजों में होती है. उनके साथ ही अंडर-19 विश्व कप खेले शुभमन गिल भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेल रहे हैं और वनडे-टी20 में तो उन्होंने टीम में अपनी जगह करीब-करीब पक्की कर ली है. लेकिन, शॉ को 4 साल हो गए हैं और वो अभी भी टीम में अपनी जगह नहीं बना पाए हैं और जितना टीम के अंदर नहीं रहते, उससे ज्यादा बाहर रहते हैं.
टीम इंडिया में कमबैक आसान नहीं
शॉ ने भारत के लिए टेस्ट डेब्यू पर शतक ठोका था. लेकिन, इसके बाद से उनका ग्राफ नीचे गिरता जा रहा. इसी वजह से उन्हें टीम इंडिया से बाहर किया गया था. चोट और खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए पृथ्वी शॉ ने पिछले घरेलू सीजन में काफी रन बनाए. उन्होंने टी20 में शतक ठोका. फर्स्ट क्लास में तिहरा शतक जमाया. लेकिन, आईपीएल में उतरते ही वो लड़खड़ाने लगे हैं. अगर पृथ्वी का ऐसा ही प्रदर्शन आगे जारी रहा तो उनके लिए टीम इंडिया में वापसी तो दूर की बात, कहीं दिल्ली कैपिटल्स के प्लेइंग-XI में ही जगह बनाना ना मुश्किल हो जाए.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Delhi Capitals, IPL 2023, Prithvi Shaw
FIRST PUBLISHED : April 09, 2023, 09:07 IST
[ad_2]
Source link