[ad_1]
नई दिल्ली. आईपीएल- 2023 के अंतर्गत बुधवार के मैच में नीतीश राणा की कोलकाता नाइटराइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (KKR vs RCB) को 21 रनों से पराजित कर दिया लेकिन इस मैच में तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन ने टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है. केकेआर खेमे को सबसे बड़ी चिंता प्रमुख गेंदबाज उमेश यादव के प्रदर्शन को लेकर है. दो करोड़ रुपये कीमत के उमेश यादव (Umesh Yadav) इस पूरे सीजन में गेंदबाजी में रंगहीन नजर आए हैं. दूसरे शब्दों में कहें तो वे टीम के लिए बोझ ही साबित हुए हैं. सभी मैचों में न सिर्फ उन्होंने खूब रन लुटाए हैं बल्कि विकेट के मामले में 8 मैचों के बाद उनके खाते में ‘एक शिकार’ ही है.
जाहिर है, यह प्रदर्शन टीम के लिए अच्छा संकेत नहीं है. पंजाब किंग्स के खिलाफ अपनी टीम के पहले मैच में उमेश ने चार ओवर्स में 27 रन देकर एक विकेट हासिल किए. इसके बाद से आरसीबी के खिलाफ मैच में उन्होंने दो ओवरों में 17, गुजरात टाइटंस के खिलाफ तीन ओवरों में 24, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तीन ओवरों में 42, मुंबई इंडियंस के खिलाफ दो ओवरों में 19, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक ओवर में 6, चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ तीन ओवरों में 35 और बुधवार के मैच में आरसीबी के खिलाफ एक ओवर में 19 रन खर्च किए. पंजाब किंग्स के खिलाफ टीम के पहले मैच (1 अप्रैल) के बाद से वे कोई विकेट भी लेने में सफल नहीं हो पाए हैं.
इकोनॉमी रेट भी काफी ऊंची
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारतीय टीम के सदस्य उमेश ने आईपीएल 2023 में अब तक आठ मैचों में अब तक 19 ओवरों में189 रन ‘लुटाए’ हैं और महज एक विकेट हासिल किया है. उनका औसत बेहद शर्मनाक 189.00 का है जबकि इकोनॉमी रेट 9.94 का. आईपीएल 2023 की नीलामी में जब केकेआर ने उमेश को दो करोड़ रुपये की प्राइज पर खरीदा था तो उसे उम्मीद थी कि चौड़े कंधों और अच्छी खासी गति से गेंद फेंकने वाला यह प्लेयर्स टीम के लिए ‘असेट’ साबित होगा लेकिन टीम प्रबंधन की यह उम्मीद अब तक तो पूरी नहीं हो पाई है. बुधवार के मैच में तो पहले ओवर में ही 19 रन लुटाने के बाद उन्हें और गेंदबाजी का मौका नहीं दिया गया. उमेश के आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें तो वे अब तक 141 मैचों में 136 विकेट हासिल कर चुके हैं.
21 रनों से जीता केकेआर
बुधवार के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने जेसन रॉय के 56, वेंकेटश अय्यर के 31और कप्तान नीतीश राणा के 48 रनों की मदद से 20 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 200 रन बनाए. जवाब में आरसीबी की टीम ने केकेआर के स्पिनरों के आगे समपर्ण कर दिया. टीम 20 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 179 रन ही बना पाई. स्पिनर सुयश शर्मा ने दो और वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट लिए.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: IPL 2023, KKR vs RCB, Kolkata Knight Riders, Umesh yadav
FIRST PUBLISHED : April 27, 2023, 09:42 IST
[ad_2]
Source link