[ad_1]
नई दिल्ली. बुरा वक्त कब आ जाए, कहा नहीं जा सकता. इंडियन प्रीमियर लीग में जिस खिलाड़ी की एक समय तूती बोलती थी, वह इस बार अपनी टीम का भरोसा खोता नजर आ रहा है. पारी में दो बार 5 विकेट लेने के अलावा एक हैट्रिक भी इस गेंदबाज के नाम पर दर्ज है. संभवत:यही कारण है कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट (Jaydev Unadkat) पर अब तक आईपीएल में सबसे ज्यादा फ्रेंचाइजी ने उन पर दांव लगाया है, टूर्नामेंट में वे 11 बार ‘बिकने’ का रिकॉर्ड बना चुके हैं. वर्ष 2018 की आईपीएल नीलामी में तो राजस्थान रॉयल्स की टीम ने उन्हें 11 करोड़ 50 लाख की मोटी रकम में खरीदा था.
बहरहाल, अब स्थिति बदल चुकी है.’ब्रांड उनादकट’ की वैल्यू फिलहाल गिर रही है.इस बार लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम ने इस खिलाड़ी को 50 लाख रुपये के बेस प्राइज में खरीदा था. एलएसजी ने जब उनादकट को खरीदा था तो उसे उम्मीद थी कि अपने अनुभव और गेंदबाजी कौशल से जयदेव टीम की विजय में उपयोगी साबित होंगे लेकिन अभी तक तो ऐसा नहीं हो पाया है.
जयदेव को अब तक टीम के तीन मैचों में खेलने का मौका मिला है जिसमें वे कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए हैं. यही नहीं, सटीक गेंदबाजी के मामले में भी वे अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके हैं. आठ ओवरों में उनादकट ने 92 रन लुटाए हैं और उनकी इकोनॉमी 11.50 की है. अपनी कप्तानी में इस सीरीज में सौराष्ट्र को रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने वाले उनादकट ने तीन मैच की एक पारी में 9 रन बनाए हैं.
सनराइजर्स के खिलाफ ली थी हैट्रिक
आईपीएल में वे अब तक दिल्ली डेयरडेविल्स,कोलकाता नाइटराइडर्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइटराइडर्स, राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स, रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलोर और राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स जैसी टीमों की ओर से खेल चुके हैं. राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स की ओर से खेलते हुए ही जयदेव ने आईपीएल-2017 में हैट्रिक लेने का कारनामा किया था, उन्होंने लगातार गेंदों पर सनराइजर्स हैदराबाद के बिपुल शर्मा,राशिद खान और भुवनेश्वर कुमार को आउट किया था.
आईपीएल में दो बॉलर ही ले सके हैं पारी में 5 विकेट
वर्ष 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स (RPSG) की ओर से खेलते हुए उनादकट ने पारी में पांच विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की थी. आईपीएल में उनके अलावा जेम्स फॉकनर ही दो बार पारी में पांच विकेट लेने की उपलब्धि हासिल कर सके है.2013 में उन्होंने आरसीबी की ओर से दिल्ली डेयरडेविल्स (नया नाम दिल्ली कैपिटल्स) के खिलाफ 25 रन देकर पांच विकेट और 2017 में आरपीएसजी के लिए खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 30 रन देकर पांच विकेट लिए थे .
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: IPL, IPL 2023, Jaydev unadkat, Lucknow Super Giants
FIRST PUBLISHED : April 28, 2023, 09:03 IST
[ad_2]
Source link