[ad_1]
आईपीएल के 16वें सीजन में लीग राउंड के 61 मैच खेले जा चुके हैं। अब सिर्फ नौ मुकाबले बाकी हैं। उसके बाद प्लेऑफ मैच शुरू हो जाएंगे। 61 मैच के बाद भी अब तक किसी टीम की जगह प्लेऑफ में पक्की नहीं हुई है। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस दौड़ से बाहर जरूर हो गई है। बाकी बचे नौ मुकाबलों में नौ टीमों के भाग्य का फैसला होगा। हम आपको यहां सभी टीमों के समीकरण के बारे में बता रहे हैं…
गुजरात टाइटंस
हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस ने 12 मैच खेले हैं। आठ जीत के साथ उसके 16 अंक हैं और उसका नेट रनरेट 0.761 है। गुजरात को दो मैच खेलने हैं। सनराइजर्स हैदराबाद से उसे घरेलू मैदान पर सोमवार (15 मई) को खेलना है। वहीं, 21 मई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ उसके होम ग्राउंड पर खेलना है। अगर गुजरात की टीम बाकी बचे मैचों में एक जीत भी हासिल कर लेती है तो वह प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। साथ ही शीर्ष दो में रहकर ग्रुप राउंड का समापन करेगी। वहीं, दोनों मुकाबलों में हारने के बाद वह शीर्ष दो से बाहर हो सकती है। हालांकि, उसके बावजूद वह प्लेऑफ में पहुंच सकती है।
चेन्नई सुपरकिंग्स
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपरकिंग्स को अब ग्रुप राउंड में सिर्फ एक मैच खेलना है। उसका मुकाबला 20 मई को दिल्ली कैपिटल्स से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। चेन्नई के 13 मैचों में 15 अंक हैं। उसका नेट रनरेट 0.381 है। चेन्नई की टीम अगर दिल्ली को हरा देती है तो वह आसानी से प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। साथ ही शीर्ष दो में भी रह सकती है। हालांकि, अगर चेन्नई की टीम दिल्ली से हारती है तो प्लेऑफ की दौड़ से बाहर भी हो सकती है। अभी भी पांच टीमों के पास से 16 अंक हासिल करने का मौका है। ऐसे में धोनी दिल्ली के खिलाफ कोई कोताही बरतना नहीं चाहेंगे।
मुंबई इंडियंस
टूर्नामेंट में धीमी शुरुआत करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम अब खिताब की दावेदार बन गई है। उसने 12 मैच में सात मैच जीते हैं। उसका नेट रनरेट 0.117 है। मुंबई के लखनऊ सुपर जाएंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद से खेलना है। अगर वह दोनों मैचों में जीत लेती है आसानी से प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। एक मैच हारने पर उसके कुल 16 अंक होंगे। फिर मुंबई को अन्य टीमों के नतीजों और नेट रनरेट पर निर्भर रहना पड़ेगा। दोनों मैच हारने की स्थिति में उसकी आगे बढ़ने की उम्मीदें काफी कम हो जाएंगी। दो टीमें पहले से ही 15 या उससे ज्यादा अंक हासिल कर चुकी हैं। फिर मुंबई को चौथे स्थान के लिए चार टीमों से लड़ना होगा। इस दौरान नेट रनरेट काफी अहम हो जाएगा।
लखनऊ सुपर जाएंट्स
लखनऊ ने अब तक 12 मैच खेले हैं। उसके 13 अंक हैं। लखनऊ को अभी मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइटराइडर्स से खेलना है। अगर वह दोनों मैचों में जीत लेती है तो आसानी से प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। एक मैच हारने पर भी आगे जा सकती है, लेकिन नेट रनरेट अहम हो जाएगा। अगर दोनों मैचों में हार जाती है तो वह प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी।
[ad_2]
Source link