[ad_1]
नई दिल्ली. आईपीएल-2023 अब अपने अंतिम पड़ाव पर है. लीग मैचों का दौर खत्म होने के बाद अब प्लेऑफ मुकाबलों का दौर शुरू होगा. मंगलवार, 23 मई से क्वालिफायर-1 (IPL-2023 Qualifier 1)में गत चैंपियन गुजरात टाइटंस का मुकाबला एमएस धोनी की चेन्न्ई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings vs Gujarat Titans)से होगा.एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले इस मैच में क्रिकेटप्रेमियों को रोमांचक क्रिकेट की दावत मिलने की संभावना है.
वैसे तो पेपर पर हार्दिक पंड्या की GT कुछ मजबूत नजर आ रही है लेकिन टी20 क्रिकेट में किसी परिणाम का पूर्वानुमान लगाना बेहद मुश्किल है.वैसे भी यह मुकाबला सीएसके के होमग्राउंड पर हो रहा है जहां टीम अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन देती रही है. गुजरात टाइटंस के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल (Shubman Gill) इस मैच में दो अहम उपलब्धियां अपने नाम कर सकते हैं.
700 रन के स्कोर से 20 रन दूर
शुभमन इस सीजन में 14 मैचों की 14 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 56.66 के औसत और 152.46 के स्ट्राइक रेट से 680 रन बना चुके हैं जिसमे दो शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं. क्वालिफायर-1 में 20 रन बनाते ही वे गुजरात टाइटंस के लिए 700 रन बनाने वाले पहले बैटर हो जाएंगे. गुजरात टाइटंस ने वर्ष 2022 में ही आईपीएल में एंट्री मारते हुए पहले सीजन में ही चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था लेकिन पिछले सीजन में टीम का कोई बैटर 500 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया था. कप्तान हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya)आईपीएल-2022 में जीटी के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज (15 मैचों में 487 रन) थे.
डु प्लेसी की ऑरेंज कैप हासिल करने का मौका
शुभमन के पास क्वालिफायर-1 में ऑरेंज कैप की रेस में फाफ डु प्लेसी (Faf du Plessis) को भी पीछे छोड़ने का मौका है. फाफ ने 14 मैचों में 730 रन बनाए हैं और शुभमन उनसे 50 रन पीछे हैं. हालांकि किसी टी20 मैच में अर्धशतक बनाना आसान नहीं है लेकिन शुभमन जिस तरह के फॉर्म में हैं, उसे देखते हुए गुजरात टाइटंस और उनके फैंस कम से कम अर्धशतक की उम्मीद तो लगा ही सकते हैं. सनराइजर्स और आरसीबी के खिलाफ पिछले दो मैचों में गिल ने लगातार शतक जमाए हैं.
51 रन बनाते ही गिल, ऑरेंज कैप की रेस में डु प्लेसी को पीछे छोड़ देंगे. वैसे क्वालिफायर-1 में ऐसा नहीं करने पर प्लेऑफ के आगे के मैच में उनके पास यह करने का अवसर होगा. डु प्लेसी की आरसीबी टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है.
आईपीएल में अब तक बना चुके 2500 से अधिक रन
इंडियन प्रीमियर लीग में वर्ष 2018 से खेल रहे शुभमन गिल ने 88 मैचों में अब तक 36.33 के औसत से 2580 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं.वर्ष 2018 से 2021 तक कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से खेलने के बाद गिल पिछले सीजन में ही गुजरात टाइटंस से जुड़े हैं.
.
Tags: Chennai super kings, Gujarat Titans, IPL 2023, Shubman gill
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 15:55 IST
[ad_2]
Source link