[ad_1]
आईपीएल 2023 के 70वें और अंतिम लीग मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 6 विकेट से हराया. इस हार के साथ ही आरसीबी का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना पूरा न हो सका. गुजरात की जीत का लाभ सुपर संडे का पहला और अपना अंतिम लीग मैच जीतने वाली मुंबई इंडियंस टीम को मिला और वह प्लेऑफ में पहुंच गई. आईपीएल के 16वें संस्करण का पहला क्वालीफायर मुकाबला 23 मई को चेन्नई में गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा.
एलिमिनेटर मुकाबला 24 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच होगा. अहमदाबाद में 26 मई को खेले जाने वाले दूसरे क्वालिफायर मैच में पहला क्वालीफायर मैच हारने वाली टीम और एलिमिनेटर मैच जीतने वाली टीमें आमने-सामने होंगी. आईपीएल 2023 का खि़ताबी मुकाबला 28 मई को नरेन्द्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2023 के अंतिम यानी 70वें लीग मुकाबले में वर्तमान चैंपियन गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 6 विकेट हराकर इस संस्करण में भी चैंपियन की तरह प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट के 14 लीग मैचों में 10वीं जीत दर्ज कर 20 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया.
मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 197 रन बनाए. ज़बर्दस्त फाॅर्म व लय में चल रहे विराट कोहली ने मात्र 61 गेंदों में नाबाद 101 रनों की धुआंधार शतकीय पारी खेली. कप्तान डु प्लेसिस ने 28 और ब्रेसवेल ने 26 रनों का योगदान दिया. अनुज रावत 23 रन बनाकर नाबाद रहे. गुजरात के लिए नूर अहमद ने सर्वाधिक दो विकेट लिए.
जीत के लिए मिले 198 रनों का लक्ष्य गुजरात ने इनफाॅर्म सलामी बल्लेबाज़ शुभमन गिल की लाजवाब आतिशी व नाबाद शतकीय पारी की बदौलत आसानी से मैच की पांच गेंदें बाकी रहते सिर्फ 4 विकेट खोकर प्राप्त कर लिया. गिल ने छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया और टीम को जीत दिलाई. गिल ने मात्र 52 गेंदों में खेली गई नाबाद 104 रनों की अपनी ताबड़तोड़ पारी में 5 चौके और 8 छक्के उड़ाए.
इस आईपीएल में शुभमन गिल ने लगातार दूसरा शतक बनाया. इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच में भी उन्होंने 101 रनों की शतकीय पारी खेली थी. शुभमन गिल के साथ ही विजय शंकर ने 53 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर गुजरात को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. राहुल तेवतिया 4 रन बनाकर नाबाद रहे.
इसके पहले मुंबई इंडियंस ने रविवार को आईपीएल 2023 के अपने आखिरी लीग मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से हराया. इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस के 14 मैचों में 8 जीत और 6 हार के साथ 16 अंक हासिल किए और अंक तालिका में चैथे स्थान पर रहा.
इस जीत के साथ ही उसने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा लेकिन उसे प्लेऑफ में पक्का स्थान बनाने के लिए आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए आईपीएल के 70वें और अंतिम लीग मैच के परिणाम का इंतज़ार करना पड़ा, क्योंकि अगर यह मैच बेंगलोर जीत जाती तो मुंबई नहीं बंगलोर प्लेऑफ में पहुंच जाती. हां यह मैच जीतते ही राजस्थान के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना समाप्त हो गई.
वानखेड़े स्टेडियम मुंबई में खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 201 रनों का लक्ष्य मुंबई ने कैमरन ग्रीन के मात्र 47 गेंदों में खेली गई नाबाद 100 रनों की तूफानी शतकीय पारी और कप्तान रोहित शर्मा की 56 रनों की अर्धशतकीय पारी की बदौलत आसानी से 18वें ओवर में ही 2 विकेट पर खोकर प्राप्त कर लिया. सूर्यकुमार यादव 25 रन बनाकर नाबाद रहे. सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से भुवनेश्वर कुमार और मयंक डागर ने एक-एक विकेट लिया.
इसके पहले टॉस हारकर सनराइजर्स हैदराबाद ने बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 200 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने 83 और विवरांत शर्मा ने 69 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं. मुम्बई की ओर से 4 विकेट लेकर आकाश मधवाल सबसे कामयाब गेंदबाज़ रहे. क्रिस जॉर्डन को एक विकेट मिला.
गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतकीय पारी खेलने वाले विराट कोहली ने इस शतक के साथ ही कई रिकॉर्ड तोड़ दिए. कोहली आईपीएल में सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं. उन्होंने कुल 7 शतक लगाए हैं. वे मेन्स टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. इस मामले में क्रिस गेल पहले नंबर पर हैं.
गेल ने 22 शतक लगाए हैं. कोहली ने 8 शतक लगाए हैं. इस शतक के साथ विराट कोहली उन खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने आईपीएल में लगातार 2 शतक लगाए हैं. विराट ऐसा करने वाले तीसरे बल्लेबाज़ बन गए हैं. इसी मुकाबले में ऐसा करने वाले शुभमन गिल भी यह उपलब्धि हासिल करने वाले चैथे बल्लेबाज़ बन गए हैं. पहले यह कारनामा शिखर धवन ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए 2020 में किया था.
इसके बाद, राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए जॉस बटलर ने 2022 में लगातार 2 शतक लगाए थे. कोहली ने आईपीएल 2023 के 14 लीग मैचों में 53.25 की औसत और 139.82 के स्ट्राइक रेट से 639 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 6 अर्धशतक और 2 शतक बनाए.
शुभमन के पास ऑरेंज कैंप हासिल करने का मौका
आईपीएल के 16वें संस्करण में लीग मैचों की समाप्ती के बाद 14 मैचों में सबसे अधिक 730 रन आरसीबी के कप्तान फाफ डु प्लेसी ने बनाए हैं और ऑरेंज कैंप उनके क़ब्जे़ में है. दूसरे नंबर पर गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल हैं, जिन्होंने 14 मैच में 680 रन बनाए हैं. गिल के पास डु प्लेसी से आगे निकलकर ऑरेंज कैंप हासिल करने का सुनहरा मौका होगा, क्योंकि अभी उन्हें कम से कम दो मैच और खेलने हैं.
आरसीबी के ही विराट कोहली ने 14 मैच में 639 रन बनाकर तीसरे नंबर पर हैं. लीग मैचों के बाद राजस्थान राॅयल्स के यशस्वी जायसवाल के 14 मैच में 625 रन हैं और सर्वाधिक रन बनाने के मामले में चौथे नंबर पर रहे. चेन्नई के ड्वेन कॉनवे 14 मैच में 585 रन बनाकर पांचवें नंबर पर हैं. यानी ऑरेंज कैंप के लिए कॉनवे गिल को चुनौती दे सकते हैं, क्योंकि उनके पास भी कम से कम दो मैच और होंगे.
पर्पल कैप पर गुजरात के गेंदबाज़ों की दावेदारी मज़बूत
पर्पल कैप पर क़ब्ज़ा करने के लिए गुजरात टाइटंस के गेंदबाज़ों की दावेदारी काफी मज़बूत नज़र आती है. लीग मैचों के बाद सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ों की सूची में शुरुआती दोनों गेंदबाज़ गुजरात के हैं. पर्पल कैप तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी के पास बनी हुई है. शमी ने 14 मैचों में 24 विकेट चटकाए हैं. दूसरे नंबर पर 24 विकेट के साथ गुजरात के ही राशिद खान हैं.
और, 21 विकेट लेकर राजस्थान के युजवेंद्र चहल तीसरे नंबर पर हैं, लेकिन पर्पल कैप के लिए उनकी दावेदारी अब समाप्त हो चुकी है. मुंबई के पीयूष चावला चैथे नंबर पर हैं. चावला ने 20 लिए हैं और वे पर्पल कैप की दौड़ में बने हुए हैं. 20 विकेट लेकर पांचवे नंबर पर चल रहे केकेआर के वरुण चक्रवर्ती की चुनौती भी अब पर्पल कैप को लेकर समाप्त हो चुकी है.
और अंत में
मैनचेस्टर सिटी ने लगातार तीसरी बार इंग्लिश प्रीमियर लीग का खिताब जीत लिया है. नॉटिंघम फॉरेस्ट से आर्सेनल को 1-0 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे मैनचेस्टर का खिताब जीतना बिल्कुल पक्का हो गया. पिछले 6 सीज़न में मैनचेस्टर सिटी ने पांचवीं बार प्रीमियर लीग की ट्रॉफी अपने नाम की है. न्यूज़ 18 हिन्दी पाॅडकास्ट के साप्ताहिक स्पेशल स्पोर्ट्स बुलेटिन में आज इतना ही. ताज़ातरीन खेल खबरों के साथ हम फिर हाज़िर होंगे. तब के लिए नवीन श्रीवास्तव को इजाज़त दीजिए. नमस्कार.
[ad_2]
Source link