[ad_1]

सोनीपत में रोड जाम।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में किसान संगठनों ने प्रदेशभर में रोड जाम करने शुरू कर दिए हैं। हिसार, सोनीपत, रोहतक, झज्जर सहित कईं जिलों से सड़क जाम की खबरें आ रही हैं। हिसार में मंगलवार देर शाम हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम लगाया। कुछ किसान मय्यड़ रामायण टोल प्लाजा पर भी जुटे। किसानों ने भाजपा-जजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। जिला प्रशासन ने हाईवे जाम किए जाने की आशंका को लेकर पुलिस बल को अलर्ट किया गया है। फिलहाल सभी टोल पर पुलिस बल को भेजा गया है। किसान संगठनों ने कहा कि कुरुक्षेत्र में गिरफ्तार किए गए सभी किसानों को तुरंत रिहा किया जाए। अगर किसानों को रिहा नहीं किया गया तो सभी हाईवे जाम कर देंगे।
महम में भी जुटे किसान

कुरुक्षेत्र में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध स्वरूप महम के पास भैनी महाराजपुर गांव में नेशनल हाईवे जाम किया गया है। रात को किसान सड़कों पर उतर आए हैं।
सोनीपत में तीन जगह जाम

सूरजमुखी बीज की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद नहीं करने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के सदस्यों ने मंगलवार देर शाम जिले में अलग-अलग तीन जगह रोड जाम कर दिया। जिसके चलते वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रोड जाम के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
गन्नौर क्षेत्र में भाकियू के सदस्यों ने गांव सरढ़ाना के निकट खुबडू रोड जाम कर दिया। गोहाना क्षेत्र में गांव भैंसवान खुर्द के पास रोहतक मार्ग और गांव कथूरा के पास महम रोड जाम किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल, जिलाध्यक्ष अशोक लठवाल, युवा जिलाध्यक्ष विरेंद्र पहल ने सरकार से अपने फैसले वापस लेने की मांग की। साथ ही गिरफ्तार किसानों को रिहा किए जाने की मांग की।
झज्जर में भी लगाया जाम

झज्जर जिले के बेरी के भागलपुरी चौक पर किसानों ने जाम लगाया। डीएसपी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे हैं। भारतीय किसान यूनियन की महिला जिला अध्यक्ष ममता कादयान के नेतृत्व में जाम लगाया गया है।
यमुनानगर

यमुनानगर में किसानों ने दो जगह जाम लगाया। सहारनपुर पंचकूला नेशनल हाईवे पर कैल के पास लगाया गया जाम 15 से 20 मिनट में खोल दिया गया।
[ad_2]
Source link