[ad_1]
नई दिल्ली. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC Final ) के फाइनल में रोहित शर्मा की भारतीय टीम (Team India) को आज यानी 7 जून से ऑस्ट्रेलिया का सामना करना है. टीम इंडिया ने हाल के वर्षों में अपने प्रदर्शन में बेहद सुधार किया है. एक समय था, जब उसे ‘घर का शेर’ कहा जाता था. माना जाता था कि टीम इंडिया स्पिन के लिए मददगार अपने घरेलू मैदानों पर ही जीत हासिल कर सकती है, लेकिन इस धारणा को बदलते हुए इसने विदेशी मैदान पर ही बड़ी-बड़ी टीमों को धूल चटाई है. इस शानदार प्रदर्शन के बीच भारत के एक बल्लेबाज के नाम पांच देशों के खिलाफ अपने पहले ही टेस्ट में शतक जड़ने का अनोखा रिकॉर्ड दर्ज है.
बाएं हाथ के ओपनर शिखर धवन (Shikhar Dhawan) ने ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पहले ही टेस्ट में शतक जड़कर यह कारनामा किया था. दुनिया का कोई बैटर ‘गब्बर’ के इस रिकॉर्ड के आस-पास नहीं है. एलेस्टेयर कुक, मैथ्यू हेडन, कुमार संगकारा, ग्रीम स्मिथ और मार्क टेलर ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 4 टीमों के खिलाफ अपने पहले टेस्ट में सैकड़ा लगाया था.
टेस्ट डेब्यू करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जड़ा सैकड़ा
धवन ने वर्ष 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में डेब्यू करते हुए अपने पहले ही टेस्ट में शतक (107 रन)लगाया था. फरवरी 2014 में न्यूजीलैंड, जून 2015 में बांग्लादेश,अगस्त 2015 में श्रीलंका और जून 2018 में अफगानिस्तान के खिलाफ भी वे अपने पहले टेस्ट में शतक जमा चुके हैं.धवन ने 34 टेस्ट मैचों में अब तक 40.61 के औसत से 2315 रन बनाए हैं जिसमें सात शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं. मजे की बात यह है कि उन्होंने अपना अंतिम टेस्ट सितंबर 2018 में उसी ओवल मैदान पर खेला था जहां वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनिशप 2023 का फाइनल होना है.
37 वर्ष में अभी भी बल्ले से कर रहे ‘धमाल’
37 वर्ष के हो चुके शिखर धवन अभी भी बल्ले से जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं.आईपीएल-2023 में शानदार प्रदर्शन करने वाले धवन 2015 के वर्ल्डकप और 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर रहे हैं. वनडे में वे सबसे तेज 1000, 2000 और तीन हजार रन पूरे करने वाले भारतीय बैटर रह चुके हैं.शिखर अभी भी इंटरनेशनल क्रिकेट में खेल रहे हैं. 167 वनडे में 6793 रन (औसत 44.11, 17 शतक) और 68 टी20I में 27.92 के औसत से 1759 रन वे बना चुके हैं. अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच उन्होंने वनडे के रूप में बांग्लादेश के खिलाफ दिसंबर 2022 में चटगांव में खेला था.
.
Tags: Cricket, Shikhar dhawan, Team india, WTC Final
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 08:09 IST
[ad_2]
Source link