[ad_1]
नई दिल्ली. वनडे क्रिकेट में एक पारी में पांच विकेट हासिल करना ही बड़ी उपलब्धि माना जाता है. ऐसे में यकीन करना मुश्किल है कि कोई गेंदबाज लगातार तीन ODI मैचों में 5-5 विकेट लेने का कारनामा कर चुका है. पाकिस्तान (Pakistan Team) के तेज गेंदबाज वकार यूनुस (Waqar Younis) ने 1990 में यह रिकॉर्ड बनाया था और 32 साल बाद भी इसे तोड़ा नहीं जा सका है. उम्मीद कम ही है कि यह रिकॉर्ड कभी टूट पाएगा.
वकार ने जब यह रिकॉर्ड बनाया तो वे अपनी गेंदबाजी के शिखर पर थे. 4 नवंबर और 6 नवंबर 1990 को न्यूजीलैंड (5/11 और 5/16 )और 9 नवंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच (5/52) में उन्होंने 5 विकेट लिए थे. इन तीनों ही मैचों में पाकिस्तान ने जीत हासिल की थी.
कीवी बैटर असहाय नजर आए थे
4 नवंबर को खेले गए मैच में वकार की गेंदबाजी के आगे कीवी टीम 37.4 ओवर में 127 बनाकर ही ढेर हो गई थी. वकार ने मैच में डेविड व्हाइट, मार्टिन क्रो, केन रदरफोर्ड, दीपक पटेल और डैनी मॉरिसन को पवेलियन लौटाया था. जवाब में सईद अनवर के 67 और रमीज राजा के नाबाद 50 रन की मदद से पाकिस्तान ने टारगेट 29.1 ओवर में दो विकेट खोकर पा लिया था. 6 नवंबर के मैच में पाकिस्तान ने पहले बैटिंग कर रमीज राजा के शतक (114) और सलीम मलिक के नाबाद 65 रन की मदद से निर्धारित 40 ओवर्स में दो विकेट पर 223 रन बनाए थे. जवाब में न्यूजीलैंड टीम 25 ओवर मे 118 रन पर ही ढेर हो गई थी. वकार ने इस मैच में दीपक पटेल, ग्रांट ब्रेडबर्न, मार्क प्रीस्ट, क्रिस प्रिंगल और विली वाटसन को आउट किया था.
इंडीज के टॉप आर्डर को किया था ध्वस्त
9 नवंबर को खेले गए मैच में वकार की गेंदबाजी के कहर का सामना वेस्टइंडीज के बैटर्स ने किया था. पाकिस्तान ने मैच में पहले बैटिंग करते हुए 40 ओवर्स में 5 विकेट पर 211 रन का स्कोर बनाया था. सलीम मलिक ने 58 और कप्तान इमरान खान ने नाबाद 53 रनों का योगदान दिया था. जवाब में वकार की गेंदबाजी के आगे इंडीज टीम 7 विकेट खोकर 205 रन ही बना पाई थी. इन सात विकेटों में से पांच वकार के खाते में गए थे. इस मैच में उन्होंने डेसमंड हैंस, रिची रिचर्डसन, गस लोगी, ब्रायन लारा और कार्ल हूवर को पवेलियन लौटा था.
दो बार लगातार दो मैचों में पांच-पांच विकेट भी ले चुके
वकार इसके अलावा भी दो मौकों पर दो लगातार मैचों में 5-5 विकेट हासिल कर चुके हैं. 29 अप्रैल 1990 को श्रीलंका के खिलाफ मैच में उन्होंने 26 रन देकर छह और 1 मई 1990 को न्यूजीलैंड के खिलाफ 20 रन देकर पांच विकेट लिए थे. इसी तरह जून 2001 में भी उन्होंने लगातार दो मैचों में पांच-पांच शिकार किए थे. 17 जून 2001 को उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 36 रन देकर सात और 19 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 59 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे.
.
Tags: Pakistan cricket, Pakistan cricket team, Waqar Younis
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 17:19 IST
[ad_2]
Source link