[ad_1]
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में टीम इंडिया के सामने 444 रन का लक्ष्य रखा है. विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने दूसरी पारी में नाबाद 66 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भारत के खिलाफ पहली बार अर्धशतक ठोका है. ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी 8 विकेट पर 270 रन बनाकर घोषित कर दी. कंगारू टीम ने पहली पारी में 469 रन बनाए थे. जवाब में भारतीय टीम 296 रन ही बना सकी थी. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास की बात करें, तो भारतीय टीम ने चौथी पारी में 3 बार 400 से अधिक रन बनाए हैं. इसमें से एक मैच में टीम को जीत मिली जबकि एक में हार. एक मैच ड्रॉ रहा. टीम ने चौथी पारी में सबसे बड़ा 445 रन का स्कोर ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाफ 1978 में एडिलेड में बनाया था. भारत ने 1976 में वेस्टइंडीज के खिलाफ उसी के घर में 403 रन का विशाल लक्ष्य हासिल किया था. यह टेस्ट में टीम इंडिया का सबसे बड़ा सफल रन चेस भी है. ओवरऑल टेस्ट इतिहास की बात करें, तो 418 रन किसी भी टीम का सबसे बड़ा सफल रन चेस है. ऐसे में टीम इंडिया को मैच जीतना है, तो 1877 से खेल रहे 146 साल के टेस्ट इतिहास को बदलना होगा.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल इंग्लैंड के द ओवल मैदान में खेला जा रहा है. भारतीय टीम ने यहां 1979 में मैच की चौथी पारी में 429 रन बनाकर मैच ड्रॉ कराया था. यानी रोहित शर्मा की टीम को फिर से ऐसा चमत्कार करने के लिए 44 साल पहले वाला इतिहास दोहराना होगा. मैच यदि ड्रॉ रहता है, तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा. कम लोगों को यह बात मालूम है कि 31 साल के एलेक्स कैरी 2012 तक मुख्य तौर पर फुटबॉल खेलते थे. वे ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल लीग में भी उतर चुके हैं.
2012-13 से क्रिकेट में आए
बाएं हाथ के विकेटकीपर बैटर एलेक्स कैरी ने 2012-13 से क्रिकेट को गंभीरता से लिया. इसके बाद वे लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए 2016-17 में साउथ ऑस्ट्रेलिया का कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने में सफल रहे. जनवरी 2018 में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से इंटरनेशनल डेब्यू किया. फरवरी 2018 में उन्होंने अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेला. वे अब तक 64 वनडे में एक शतक और 7 अर्धशतक के सहारे 1600 से अधिक रन बना चुके हैं. वहीं टी20 के 38 मैच में 233 रन बनाए हैं. नाबाद 37 रन बेस्ट प्रदर्शन है.
दिसंबर 2021 में उन्हें टेस्ट डेब्यू का मौका मिला. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनलस से पहले एलेक्स कैरी ने 19 टेस्ट की 25 पारियों में 31 की औसत से 689 रन बनाए. एक शतक और 3 अर्धशतक लगाया. फाइनल की पहली पारी में भी कैरी ने बेहतरीन 48 रन बनाए थे. वे फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 6 शतक और 18 अर्धशतक के सहारे 3300 से अधिक रन बना चुके हैं. 143 रन सर्वश्रेष्ठ स्कोर है. मालूम हो कि वेस्टइंडीज ने 2003 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 418 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की थी. इस मुकाबले में ब्रायन लारा ने दूसरी पारी में 60 रन बनाए थे. इसके अलावा रामनरेश सरवन ने 105 तो शिवनारायण चंद्रपाल ने 108 रन की पारी खेली थी. ब्रेट ली ने 4 विकेट लिए, लेकिन वे कंगारू टीम को जीत नहीं दिला सके थे.
.
Tags: Alex Carey, Australia, Team india, WTC Final
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 18:49 IST
[ad_2]
Source link