[ad_1]
नमस्कार, न्यूज़18 हिन्दी पाॅडकास्ट के वीकली स्पोर्ट्स बुलेटिन में आपका स्वागत है. आपके साथ मैं हूं नवीन श्रीवास्तव. भारतीय क्रिकेट टीम आगामी वेस्टइंडीज़ दौरे पर दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 आई मैचों की सीरीज़ खेलेगी. दौरे की शुरुआत 12 जुलाई से खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच के साथ होगी. इस दौरे के लिए कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों को विश्राम दिया जा सकता है. बीसीसीआई 27 जून को वेस्टइंडीज़ दौरे के लिए टीम इंडिया की घोषणा करेगी.
विराट कोहली और रोहित शर्मा को वनडे और टी20 सीरीज़ में आराम दिया जा सकता है. तो क्या यह दोनों खिलाड़ी सिर्फ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेंगे? मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज को भी विश्राम दिया जा सकता है. संजू सैमसन, यशस्वी जायसवाल, उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह जैसे कई प्रतिभावान खिलाड़ियों के वनडे, टेस्ट और टी20 सीरीज़ के लिए टीम इंडिया में मौके मिलने की संभावना बढ़ गई है. दूसरी ओर इस बात की भी चर्चा है कि क्या हार्दिक पांड्या टेस्ट टीम का हिस्सा होंगे?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ का पहला टेस्ट 12 जुलाई से 16 जुलाई तक डोमिनिका में और दूसरा टेस्ट मैच पोर्ट ऑफ स्पेन, त्रिनिदाद में 20 जुलाई से 24 जुलाई तक खेला जाएगा.
तीन एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज़ का पहला मैच 27 जुलाई को बारबाडोस में होगा. सीरीज़ का दूसरा मैच 29 जुलाई को बारबाडोस में ही खेला जाएगा, जबकि तीसरा व अंतिम एक दिवसीय मैच 1 अगस्त को त्रिनिदाद में होगा.
पांच टी20 आई मैचों की सीरीज़ के मैच 4 अगस्त, 6 अगस्त, 8 अगस्त, 12 अगस्त, और 13 अगस्त को खेले जाएंगे.
इस साल होने वाले एशिया कप का पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है. टूर्नामेंट की मेजबानी केवल पाकिस्तान में ही नहीं होगी, ये दो अलग-अलग देशों में खेला जाएगा. यह फैसला एशिया क्रिकेट परिषद चीफ जय शाह की अध्यक्षता वाली बैठक में लिया गया.
टूर्नामेंट का आयोजन 31 अगस्त से 17 सितंबर तक होगा. वनडे फाॅर्मेट में होने वाले इस एशिया कप में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और नेपाल यानी कुल 6 टीमों के बीच कुल 13 मैच खेले जाएंगे, इनमें से अधिकतर मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे. पाकिस्तान में सिफ चार मैच होंगे. एशिया कप 2023 पाकिस्तान और श्रीलंका में एक ‘हाइब्रिड मॉडल’ के तहत आयोजित किया जाएगा. एशियाई क्रिकेट परिषद ने गुरुवार को जारी प्रेस रिलीज में यह जानकारी दी.
जसप्रीत बुमराह नेशनल क्रिकेट एकेडमी में आने के बाद एकेडमी के चेयरमैन वीवीएस लक्ष्मण और खेल विज्ञान और चिकित्सा विभाग के चेयरमैन नितिन पटेल की निगरानी में हैं. सब कुछ ठीक रहा तो इस बात की पूरी-पूरी संभावना है कि बुमराह आगामी आयरलैंड सीरीज़ और एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीतने के बाद बढ़े हुए मनोबल के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम इंग्लैंड के खि़लाफ़ एशेज सीरीज़ की शुरुआत एजबेस्टन टेस्ट से कर चुकी है. इंग्लैंड की टीम पिछले कुछ समय से बैजबॉल अंदाज में टेस्ट क्रिकेट खेल रहा है और ऑस्ट्रेलिया उसके इस अंदाज की तोड़ निकालने में जुटी हुई है. 5 टेस्ट मैचों की इस सीरीज को अपने नाम कर ऑस्ट्रेलियाई टीम इस बार एशेज को इंग्लैंड में जीतने के इरादे से मैदान पर उतरी है. पिछले 20 साल से वह यह ट्रॉफी इंग्लैंड से उसके घर में नहीं जीत सकी है. 2001 के बाद से इंग्लैंड में 5 बार एशेज का आयोजन हुआ है, जिसमें 4 बार इंग्लैंड ने बाजी मारी है. एक सीरीज़ ड्राॅ रही है.
बीसीसीआई ने आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र 2023-24 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है. प्रतिष्ठित रणीज ट्रॉफी की शुरुआत 5 जनवरी से होगी. 70 दिनों तक चलने वाली रणजी ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला 14 मार्च से खेला जाएगा. डोमेस्टिक क्रिकेट सत्र की शुरुआत 28 जून से खेली जाने वाली दिलीप ट्रॉफी के साथ होगी. दिलीप ट्रॉफी का फाइनल मैच 16 जुलाई से होगा.
24 जुलाई से 4 अगस्त के बीच देवधर ट्रॉफी खेली जाएगी. ईरानी कप के तहत रणजी चैंपियन (सौराष्ट्र) और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच पांच दिवसीय मुकाबला 1 से 5 अक्टूबर के बीच होगा. सैयद मुश्ताक अली टी20 प्रतियोगिता की शुरूआत 16 अक्टूबर से होगी. फाइनल मैच 6 नवंबर को होगा. विजय हजारे ट्रॉफी 23 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच खेली जाएगी.
बैडमिंटन
भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की हिट जोड़ी ने इंडोनेशिया ओपन का खिताब जीत कर इतिहास रच दिया है. सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने रविवार को इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन का खिताब जीतकर सफलता की एक और नई इबारत लिख दी. विश्व रैंकिंग में छठवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने 43 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण खिताबी मुकाबले में मलेशिया के आरोन चिया और वूई यिक सोह की जोड़ी को सीधे सेटों में 21-17 और 21-18 से परास्त किया.
इसी के साथ ही सुपर 1000 स्तर की प्रतियोगिता को अपने नाम करने वाली यह पहली भारतीय जोड़ी बन गई. यह इंडोनेशिया ओपन के डबल्स इवेंट में भारत का पहला खिताब भी है. सात्विक और चिराग इससे पहले सुपर 100, सुपर 300, सुपर 500 और सुपर 750 का भी खिताब अपने नाम कर चुके हैं. सभी सुपर खिताब जीतने वाली यह भारत की पहली जोड़ी भी है. पुरुष सिंगल्स में किदांबी श्रीकांत ने 2017 में खिताब को अपने नाम किया था. सात्विक साईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था.
हाॅकी
भारतीय हाॅकी टीम को प्रो लीग के यूरोपीय दौरे पर अपेक्षा अनुरूप सफलता नहीं मिल सकी है. कप्तान हरमनप्रीत सिंह का मानना है कि कि भारत को एशियाई खेलों सहित आगामी चुनौतियों से निपटने के लिए ‘टचलाइन’ से कम गोल गंवाने पर ध्यान देने के साथ ही सर्कल से गोल करने के अधिक मौके बनाने पर काम करना होगा. यानी हमें ‘डी’ में बनाए गए मौकों को गोल में बदलने पर भी काम करना होगा. भारत ने प्रो लीग में बेल्जियम के खिलाफ 1-2 से शिकस्त खाने के बाद 5-1 से जीत प्राप्त की. ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ भी भारत ने पहला मुकाबला 2-4 से गंवाया लेकिन उसने दूसरा मुकाबला शूटआउट में 4-2 से जीता.
अर्जेंटीना के खिलाफ टीम ने 3-0 और 2-1 से जीत दर्ज की, वहीं नीदरलैंड के खिलाफ उसे 1-4 और 2-3 से हार का सामना करना पड़ा. इस तरह भारत ने प्रो लीग में अपने अभियान को 16 मैचों में 30 अंक के साथ समाप्त किया. वह इस समय तालिका में शीर्ष पर है लेकिन अन्य टीमों के मैच अभी शेष हैं. न्यूज़ 18 हिन्दी पाॅडकास्ट के साप्ताहिक स्पेशल स्पोर्ट्स बुलेटिन में आज इतना ही. ताज़ातरीन खेल खबरों के साथ हम फिर हाज़िर होंगे. तब के लिए नवीन श्रीवास्तव को इजाज़त दीजिए. नमस्कार.
[ad_2]
Source link