[ad_1]
नई दिल्ली. कभी नंबर-1 पोजीशन संभालने वाले विराट कोहली फैब फोर की लिस्ट में इतने पिछड़ गए हैं कि उनकी वापसी असंभव लगती है. खासकर टेस्ट क्रिकेट में, जिसे विराट कोहली बेस्ट मानते हैं. विराट कोहली के फैंस को यह बात भले ही बुरी लगे. लेकिन हकीकत से मुंह मोड़कर क्या फायदा. फैब फोर यानी विराट कोहली, स्टीव स्मिथ, केन विलियम्सन और जो रूट. जब टेस्ट क्रिकेट में इन चारों का प्रदर्शन देखते हैं तो विराट ज्यादातर कैटेगरी में तीसरे या चौथे नंबर पर नजर आते हैं. पहले नंबर पर जो रूट हैं. सच कहूं तो किंग कोहली और जो रूट का अंतर अब खत्म होता नहीं दिखता.
क्रिकेट के फैब फोर. आसान भाषा में कहें तो एक ही समय के 4 सबसे बेहतरीन क्रिकेटर. अलग-अलग समय में यह टर्म अलग-अलग खिलाड़ियों के लिए इस्तेमाल होता रहा है. जैसे कि भारतीय क्रिकेट में कभी सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण के लिए यह टर्म यूज किया गया. उसी दौर में जब वर्ल्ड क्रिकेट की बात हुई तो सचिन तेंदुलकर के समकक्ष ब्रायन लारा और इंजमाम उल हक के नाम आए. चौथे क्रिकेटर के लिए आम राय कभी नहीं बनी. फैंस अपनी पसंद के मुताबिक नाम एड करते रहे.
बहरहाल, मौजूदा वर्ल्ड क्रिकेट के फैब फोर यानी विराट कोहली, स्टीव स्मिथ, केन विलियम्सन और जो रूट की ओर लौटते हैं. इन सभी ने 2010 से 2012 के बीच अपने करियर की शुरुआत की और किसी ना किसी फॉर्मेट में वर्ल्ड चैंपियन बने. इन चारों के बीच 2020 तक तो रेस में विराट कोहली सबसे आगे दिखते हैं. लेकिन कोविड काल ने उनके बल्ले पर ऐसा जंग लगाया कि उनके खेल की रंगत ही चली गई. आइए देखते हैं कि आज की तारीख में ये चारो क्रिकेटर कहां खड़े हैं.
यहां एक बात और साफ कर देना सही रहेगा कि यहां सिर्फ टेस्ट क्रिकेट की बात हो रही है. सबसे पहले बात फैब फोर के उस क्रिकेटर की, जिसने इन चारों में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं. ये है जो रूट. जो रूट ने रन 133 मैच में 50.16 की औैसत से 11236 रन बनाए हैं, जिसमें 30 शतक शामिल हैं. उनका सर्वोच्च स्कोर 254 है.
जो रूट इन चारों क्रिकेटर में अकेले हैं, जिन्होंने 11 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं. बाकी तीन तो अभी 10 हजार रन के आसपास भी नहीं हैं. फैब फोर में दूसरे नंबर पर हैं ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ. स्टीव स्मिथ ने अब तक 100 टेस्ट में 9137 रन बनाए हैं. यानी 10 हजार का आंकड़ा उनसे अभी काफी दूर है और कम से कम 2023 में तो वे इस आंकड़े के छूते नजर नहीं आते.
विराट कोहली और केन विलियम्सन के लिए अभी 9000 रन का आंकड़ा ही काफी दूर है. विराट ने अब तक 110 टेस्ट में 8555 रन बनाए हैं. केन विलियम्सन के नाम 94 टेस्ट में 8124 रन हैं.
ये तो रही रन की बात. शतक के मामले में भी जो विराट कोहली फैब फोर में पीछे हैं. विराट ने अब तक 28 टेस्ट शतक लगाए हैं. केन विलियम्सन का आंकड़ा भी यही है. स्टीव स्मिथ इस मामले में 32 शतक के साथ पहले और जो रूट 30 शतक के साथ दूसरे नंबर पर हैं.
रन और शतक की तरह औसत के मामले में विराट कोहली बहुत पीछे छूट गए हैं. कभी 50-52 की औसत से रन बनाने वाले विराट का औसत अब 48 से थोड़ा ही ज्यादा है. जबकि स्टीव स्मिथ 58 की औसत से रन बना रहे हैं. केन विलियम्सन का औसत 54 और जो रूट का औसत 50 से अधिक है.
बात सिर्फ आंकड़े की नहीं है. बात उम्मीद की है कि कोई खिलाड़ी अभी कितना आगे जा सकता है. इस उम्मीद में भी विराट या तो फैब फोर के अपने साथियों की बराबरी पर नजर आते हैं या उनसे पीछे. जैसे कि यदि हम इन चारों की उम्र की बात करें तो जो रूट और केन विलियम्सन 32-32 साल के हैं. जबकि विराट कोहली और स्टीव स्मिथ 34 साल के हो चुके हैं. कोहली इसी साल 35 साल के हो जाएंगे.
साफ है कि विराट कोहली जो रूट के मुकाबले 2681 रन पीछे हैं. सिर्फ जो रूट के इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए विराट को कम से कम 2025 तक लगातार अच्छा खेलना होगा. और यदि जो रूट भी इस दौरान अच्छा खेलते रहे तब तो विराट के लिए उन्हें छू पाना असंभव हो जाएगा.
.
Tags: Joe Root, Kane williamson, Number Game, Steve Smith, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : July 19, 2023, 10:56 IST
[ad_2]
Source link