[ad_1]

अदनान सामी
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
बॉलीवुड को ‘लिफ्ट करा दे’, ‘भर दो झोली मेरी’, ‘भीगी भीगी रातों में’ जैसे एक से बढ़कर एक गाने देने वाले अदनान सामी पिछले दिनों अपने भाई द्वारा लगाए गए इल्जामों के चलते सुर्खियों में थे। लेकिन आज भारतीय सिंगर अपनी प्रोफेशनल लाइफ को लेकर लाइमलाइट बटोर रहे हैं। दरअसल, अदनान सामी पूरे छह साल बाद ब्रिटेन यानी यूके का दौरा करने वाले हैं। सिंगर ने अपने इस टूर की तारीखों का भी एलान कर दिया है। चलिए जानते हैं आखिर कब विदेशी धरती पर अदनान सामी का जलवा देखने को मिलेगा…
छह साल बाद यूके में सजेगी सुरों की महफिल
अपने सुपर-हिट गानों के लिए पहचाने जाने वाले गायक अदनान सामी ने 2017 से ब्रिटेन में परफॉर्म नहीं किया है, लेकिन वह जल्द ही वहां का दौरा करते नजर आएंगे। आयोजकों ने हाल ही में अदनान सामी के इस बहुप्रतीक्षित दौरे की तारीखों का खुलासा किया है। सिंगर 11 अगस्त से लेकर 13 अगस्त तक यूके में परफॉर्म करेंगे। अदनान सामी लीड्स, लंदन और बर्मिंघम में लगातार तीन कॉन्सर्ट करेंगे। इस दौरे का आयोजन लाइफस्टाइल मैनेजमेंट बिजनेस, ग्रेस एंटरटेनमेंट के जसपाल बाहरा और सुमंत बहल द्वारा किया जा रहा है।
क्या बोले अदनान सामी?
अपने इस आगामी यूके टूर के बारे में बात करते हुए अदनान सामी ने कहा, ‘मैं छह साल बाद यूके में परफॉर्म करने के लिए काफी रोमांचित हूं और मुझे लगता है कि यह टूर मेरे और शानदार आयोजक ग्रेस एंटरटेनमेंट के जसपाल बहरा के लिए बेहतरीन होगा। यूके में अपने फैंस के लिए प्रदर्शन करने से मुझे एक अलग तरह की खुशी मिलती है और मैं अपनी परफॉरमेंस के माध्यम से उनके लिए अपना आभार व्यक्त करने के लिए उत्सुक हूं। मैं इस दौरे के साथ यूके में नई यादें बनाने और जितना संभव हो सके मनोरंजन और प्यार फैलाना जारी रखने की उम्मीद कर रहा हूं।’
इन गानो से करेंगे मनोरंजन
अदनान सामी के टूर की टिकट बुकिंग खुल चुकी है। सिंगर इस टूर पर ‘लिफ्ट करादे’, ‘तेरा चेहरा’, ‘भर दो झोली मेरी’, ‘ऐ उड़ी उड़ी उड़ी’ और अपने कई अन्य गानों से फैंस का मनोरंजन करते नजर आएंगे।
[ad_2]
Source link