[ad_1]
नई दिल्ली. इन दिनों भारतीय टीम में युवा बल्लेबाजों का बोलबाला नजर आ रहा है. बात टी20 की हो या फिर टेस्ट की, कभी तिलक वर्मा तो कभी यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) जैसे नाम हर किसी की जुबान पर सुनने को मिल रहे हैं. विंडीज के खिलाफ (IND vs WI) टी20 सीरीज में पहले तिलक वर्मा ने रिकॉर्डतोड़ पारियां खेल ध्वजवाहक बने. उसके बाद अब यशस्वी ने भी टेस्ट में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने के बाद टी20 में अपना परचम लहराना शुरु कर दिया है. युवा बल्लेबाज ने अपने पहले टी20 अर्धशतक से रोहित शर्मा और शुभमन गिल जैसे स्टार्स को पीछे छोड़ दिया है.
यशस्वी जायसवाल का डंका पिछले 2 महीनों से लगातार बज रहा है. इस युवा बल्लेबाज ने महज 21 साल की उम्र में कई बड़े कारनामें करके सभी का दिल जीत लिया है. विंडीज के खिलाफ टी20 में अपना डेब्यू करने के बाद अगले ही मैच में यशस्वी ने अपने तेवर साफ कर दिए. डेब्यू मैच में तो जायसवाल के बल्ले ने हल्ला नहीं बोला. लेकिन दूसरे मैच में ही उन्होंने अपने बल्ले की आग से विंडीज को परिचित करवा दिया. उन्होंने महज 51 गेंद में 3 गगनचुंबी छक्कों और 11 चौकों की मदद से 84 रनों की पारी खेल डाली. इस दौरान वह महज 21 साल 227 दिन में टी20 इंटरनेशनल में 75 से ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले पहले भारतीय बैटर बन चुके हैं.
रोहित-गिल हो गए पीछे
यशस्वी जायसवाल से पहले रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने यह उपलब्धि 23 साल की उम्र में हासिल की थी. हिटमैन ने 13 साल पहले 23 साल, 7 दिन की उम्र में में 79 रन की पारी खेली थी जबकि गिल ने 23 साल 146 दिन में 129 रन ठोक डाले थे. इसके अलावा सुरेश रैना और ईशान किशन भी 23 साल की उम्र में यह कारनामा कर चुके हैं.
टेस्ट डेब्यू में खेली थी रिकॉर्डतोड़ पारी
विंडीज के खिलाफ ही जायसवाल ने टेस्ट डेब्यू किया था. उन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही भारी-भरकम पारी खेलकर मेजबान टीम को संघर्ष करने के लिए मजबूर कर दिया था. इस दौरान जायसवाल ने कई बड़े रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए थे. लेकिन कप्तान रोहित शर्मा के रिकॉर्ड से जायसवाल महज 7 रन से चूक गए थे. युवा बैटर ने टेस्ट डेब्यू में 171 रन की पहाड़नुमा पारी खेली थी. यह टेस्ट डेब्यू की तीसरी सबसे बड़ी पारी साबित हुए. इससे पहले शिखर धवन और रोहित शर्मा टेस्ट डेब्यू में अपना जलवा बिखेर चुके थे. रोहित ने अपने पहले टेस्ट में 177 रन की पारी को अंजाम दिया था जबकि शिखर धवन ने 179 रन ठोक डाले थे.
.
Tags: India vs west indies, Rohit sharma, Yashasvi Jaiswal
FIRST PUBLISHED : August 13, 2023, 18:40 IST
[ad_2]
Source link