[ad_1]

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा
– फोटो : Social Media
विस्तार
देश आज जब अपना 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है तब असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सब डिस्ट्रिक (उप-जिला) बनाने की घोषणा की है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराते हुए उन्होंने कहा कि सरकार एक महीने के भीतर ये काम पूरा कर लेगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार परिसीमन प्रक्रिया से ठीक पहले खत्म किए गए जिलों के संबंध में दो महीने में फैसला लेगी।
उन्होंने कहा कि हमने परिसीमन को वास्तविकता के रूप में स्वीकार कर लिया है। निर्वाचन क्षेत्र के पुनर्गठन को तार्किक निष्कर्ष तक ले जाने के लिए निकट भविष्य में कई काम किए जाने हैं। इस बाबत राज्य सरकार अगले एक महीने के भीतर प्रशासनिक सुधारों की श्रृंखला शुरू करेगी।
हिमंता ने कहा कि सभी मौजूदा उप-मंडलों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। ऐसे में जिला मुख्यालय को छोड़कर, हम सभी बुनियादी ढांचे के साथ प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में एक उप-जिला बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रशासनिक सुधार से नये उपमंडलों और जिलों के लिए आंदोलन समेत कई समस्याएं खत्म हो जायेंगी। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से जनता को बड़ी सुविधा हो जाएगी। सरकारी कामों के लिए लोगों को जिला मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा।
[ad_2]
Source link