[ad_1]
नई दिल्ली. बेन स्टोक्स ने संन्यास का अपना ही फैसला पलटकर पाकिस्तानी दिग्गज इमरान खान की याद दिला दी है. पूर्व क्रिकेटर व पूर्व पीएम इमरान खान, जो इन दिनों जेल में हैं, उन्होंने 1988 में संन्यास तोड़कर मैदान पर वापसी की थी. इमरान खान की यह वापसी ऐतिहासिक साबित हुई थी और पाकिस्तान को 1991 में बतौर कप्तान विश्व कप दिलाया था. अब इंग्लैंड भी बेन स्टोक्स से वैसी ही उम्मीद कर रहा है. इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए बुधवार को टीम घोषित की और इसमें स्टोक्स का नाम भी शामिल है. इंग्लैंड वनडे वर्ल्ड कप का डिफेंडिंग चैंपियन भी है. उसने वर्ल्ड कप 2019 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया था.
बेन स्टोक्स, जो वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके थे, उन्हें अब इंग्लैंड की वनडे टीम में फिर से शामिल कर लिया गया है. ऑलराउंडर स्टोक्स ने भारत में इसी साल होने वाले वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए संन्यास वापस लिया है. स्टोक्स इस समय इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान हैं. हालांकि, वनडे टीम में उन्हें जॉस बटलर की कप्तानी में खेलना होगा. उनकी वापसी से इंग्लैंड की ताकत बढ़ने जा रही है औैर इससे इंग्लिश फैन बेहद खुश हैं.
अब बात बेन स्टोक्स और इमरान खान की तुलना पर. बेन स्टोक्स मौजूदा समय के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर हैं औैर 1980 के दशक में इमरान खान को यही रुतबा हासिल था. पाकिस्तान के इस दिग्गज ने जब 1987 में संन्यास लिया तो उनकी टीम बेहद कमजोर हो गई. टीम में गुटबाजी भी सामने आने लगी. इसके बाद पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति जिया उल हक ने इमरान खान से संन्यास से वापस लौटने का आग्रह किया. इमरान अपने राष्ट्रपति का आग्रह नहीं टाल सके और वे ना सिर्फ मैदान पर लौटे, बल्कि पाकिस्तान को पहला वर्ल्ड कप भी जिताया.
32 साल के बेन स्टोक्स 105 वनडे मैच खेल चुके हैं. स्टोक्स ने वनडे मैचों में 38.98 की औसत और 95.08 की स्ट्राइक रेट से 2924 रन बनाए हैं. स्टोक्स वनडे में 3 शतक और 21 अर्धशतक जड़ चुके हैं. इसके अलावा 74 वनडे विकेट भी उनके नाम हैं. टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो स्टोक्स इस फॉर्मेट में 13 शतकों की मदद से 6117 रन बना चुके हैं. 197 टेस्ट विकेट भी उनके नाम हैं.
.
Tags: Ben stokes, Imran khan, World cup 2023
FIRST PUBLISHED : August 16, 2023, 16:56 IST
[ad_2]
Source link