[ad_1]
नई दिल्ली. बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान की टीम एशिया कप की तैयारी में जुटी हुई है. 30 अगस्त से शुरू हो रहे वनडे टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम भी घोषित कर दी है. इस बीच क्रिकेट को लेकर पाकिस्तान से बड़ी खबर आ रही है. बोर्ड ने अमेरिका में टी20 लीग में उतरने वाले 15 से अधिक खिलाड़ियों को नोटिस भेजा है. ये खिलाड़ी बोर्ड से बिना एनओसी लिए टूर्नामेंट में उतरे थे. इसमें कई इंटरनेशनल खिलाड़ी भी शामिल हैं. मालूम हो कि अमेरिका में क्रिकेट लगातार बढ़ रहा है. पिछले दिनों पहली बार वहां फ्रेंचाइजी टी20 लीग मेजर लीग क्रिकेट का आयोजन किया गया और यह काफी सफल भी रहा.
क्रिकेट पाकिस्तान की खबर के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अमेरिका में बिना एनओसी के उतरने वाले खिलाड़ियों को नोटिस भेजा है. हालांकि कुछ खिलाड़ियों ने दावा किया है कि उन्हें अमेरिका की नागरिकता मिल गई है. ऐसे में उन्हें एनओसी लेने की जरूरत ही नहीं है. हालांकि जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों ने खिलाड़ियों से नागरिकता के कागज मांगे, ताकि नेशनल टीम या घरेलू टीम में उनके भविष्य को लेकर फैसला किया जा सके. अब तक उन खिलाड़ियों ने इसे लेकर कोई जवाब नहीं दिया है.
शेनवारी-मुख्तार ने नहीं ली एनओसी
हाल ही में ह्यूस्टन ओपन टूर्नामेंट के दौरान सोहेब मकसूद, अरशद इकबाल, आरिश अली, हुसैन तलत, अली शफीक, इमाद बट, उस्मान शेनवारी, उम्मेद आसिफ, जीशान अशरफ, सैफ बदर, मुख्तार अहमद, और नौमान अनवर ने पीसीबी से एनओसी नहीं ली. इसी तरह अभी खेले जा रहे माइनर लीग में उतरने के लिए सलमान अरशद, मुसादिक अहमद, इमरान खान जूनियर, अली नासिर और हुसैन तलत ने भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से अनुमति नहीं ली.
दूसरी ओर फवाद आलम, हसन खान, आसिफ महमूद, मीर हमजा, शरजील खान और अनवर अली ने पीसीबी से एनओसी जरूर ली. पीसीबी ने विदेशी लीग में भाग लेने से पहले एनओसी हासिल करने के लिए 10,000 डॉलर यानी लगभग 8.5 लाख रुपये की शर्त रखी थी. यह राशि खिलाड़ी को नहीं बल्कि उसकी टीम को देनी होती है. अगर किसी टीम को एक खिलाड़ी के लिए अनुमति मिल जाती है और फिर वे दूसरे खिलाड़ी के साथ अनुबंध करते हैं, तो उन्हें अतिरिक्त 8.5 लाख रुपये देना होता है. पीसीबी ने ह्यूस्टन ओपन के लिए एनओसी के लिए टीमों से शुल्क लिया, लेकिन खिलाड़ियों के अनुरोध के बाद माइनर लीग में बिना किसी पैसे के उन्हें खेलने की अनुमति दी गई.
.
Tags: Asia cup, Babar Azam, Pakistan, Pcb
FIRST PUBLISHED : August 16, 2023, 09:43 IST
[ad_2]
Source link