[ad_1]
नई दिल्ली. एशिया कप 30 अगस्त से शुरू हो रहा. टूर्नामेंट का नाम आते ही सबसे पहले जिक्र भारत-पाकिस्तान की राइलवरी का ही होता है. जब भी ये दोनों टीमें क्रिकेट मैदान में आमने-सामने होती हैं, तो फुल रोमांच और एक्शन की गारंटी होती. एशिया कप में भी कई बार ऐसा हुआ है और क्रिकेट फैंस को दोनों टीमों के बीच यादगार मुकाबले देखने को मिले हैं. इस बार दोनों टीमों की टक्कर 2 सितंबर को कैंडी में होगी.
भारत-पाकिस्तान दोनों टीमें ग्रुप-ए का हिस्सा हैं. इसमें नेपाल तीसरी टीम है. अगर दोनों टीमें नेपाल को हराने में कामयाब रहीं, तो 10 सितंबर को एक-बार फिर भारत-पाकिस्तान का हाई वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है. इसके बाद फाइनल में भी भारत-पाकिस्तन की टक्कर हो सकती है. यानी 20 दिन के भीतर तीन बार ये दोनों टीमें आमने-सामने हो सकती हैं.
1984 में पहली बार भारत और पाकिस्तान की एशिया कप में टक्कर हुई थी. अबतक कुल 13 मुकाबले हुए हैं. 7 में भारत और 5 में पाकिस्तान जीता है. यानी भारत का पलड़ा भारी रहा है. ऐसा नहीं है कि एशिया कप में सिर्फ भारत-पाकिस्तान के बीच ही कांटे की टक्कर देखने को मिलती है. एशिया कप में इस बार 3 और मुकाबलों में क्रिकेट का हर एक्शन देखने को मिल सकता है. मैदान में गेंद-बल्ले की जंग के अलावा, जुबानी तीर भी चलते नजर आ सकते हैं. पिछले साल के एशिया कप के हिसाब से देखें तो फैंस का फुल एंटरटेनमेंट तय है और कई मामलों में तो भारत-पाकिस्तान की राइलवरी भी फीकी ही पड़ जाएगी.
पाकिस्तान-अफगानिस्तान की टक्कर होगी जबरदस्त?
वैसे, तो इस बार एशिया कप में पाकिस्तान और अफगानिस्तान अलग-अलग ग्रुप में हैं. लेकिन, सुपर-4 में इन दोनों टीमों की टक्कर हो सकती है. अगर ऐसा हुआ तो फैंस को गेंद-बल्ले के अलावा जुबानी जंग भी देखने को मिलेगी. पिछले एशिया कप में जब दोनों टीमें आमने-सामने हुईं थीं तो नौबत हाथापाई की आ गई थी.
पिछले साल एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान के बल्लेबाज आसिफ अली ने अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फरीद अहमद को मारने के लिए बल्ला तक उठा लिया था. लेकिन, अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया था. वर्ना जेंटमैन गेम की साख पर बट्टा लगता. इस बार अगर एशिया कप में पाकिस्तान-अफगानिस्तान की टक्कर हुई तो ऐसा मंजर देखने को मिले तो हैरानी नहीं होगी. क्योंकि एशिया कप से पहले दोनों टीमों के बीच श्रीलंका में हुई तीन वनडे की सीरीज में भी कई मौकों पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच गर्मागर्मी नजर आई थी.
नागिन डांस भूले तो नहीं?
पाकिस्तान-अफगानिस्तान के अलावा श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच फुल पैसा वसूल मुकाबला हो सकता है. इन दोनों टीमों के बीच भी अतीत में कई मुकाबले ऐसे हुए हैं, जब क्रिकेट तो कहीं पूछे छूट गया था और ज्यादा चर्चा दोनों टीमों के खिलाड़ियों की हरकतों की हुई थी. नागिन डांस तो आपको शायद याद ही होगा? नहीं तो हम उसकी यादें ताजा करा देते हैं. पिछले साल एशिया कप में अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में श्रीलंका ने बांग्लादेश को 2 विकेट से हराकर सुपर-4 में जगह बनाई थी और बांग्लादेश टूर्नामेंट से बाहर हो गया था. श्रीलंका की जीत के बाद चमिका करुणारत्ने नागिन डांस करने लगे थे. उनके डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी छाया रहा था.
इससे पहले, 2018 में निदहास ट्रॉफी में भी श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच हुए मुकाबले में नागिन डांस सुर्खियों में रहा था. उस मैच में श्रीलंका को बांग्लादेश के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी. श्रीलंका की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी. इसके बाद बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने मैदान में नागिन डांस किया था. यानी जब भी ये दोनों टीमें सामने होती हैं, तो क्रिकेट से इतर भी बहुत ड्रामा होता है.
और हां, हाल ही में अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को उसके घर में हराया था. ऐसे में एशिया कप के दौरान इन दोनों टीमों के बीच टक्कर भी दिलचस्प हो सकती है.
.
Tags: Afghanistan vs Pakistan, Asia cup, Bangladesh vs Sri Lanka, India Vs Pakistan, Pakistan vs Bangladesh
FIRST PUBLISHED : August 29, 2023, 14:05 IST
[ad_2]
Source link