[ad_1]
नई दिल्ली. एशिया कप से पहले टीम इंडिया के लिए बुरी खबर आई. केएल राहुल चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती 2 मुकाबले नहीं खेल सकेंगे. उनके आगे भी उतरने पर संशय बना हुआ है. राहुल 6 महीने से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर हैं. वनडे वर्ल्ड कप के लिए 5 सितंबर तक सभी 10 टीमों को संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट आईसीसी को देनी है. ऐसे में क्या राहुल को बिना एशिया कप में उतरे वर्ल्ड कप का टिकट मिलेगा, यह देखने वाली बात होगी. हालांकि कोच राहुल द्रविड़ का कहना है कि राहुल तेजी से सुधार कर रहे हैं. अब बात आती है कि यदि राहुल को वर्ल्ड कप के लिए नहीं चुना जाता है, तो वे कौन से 3 खिलाड़ी हैं, जिनकी लॉटरी लग सकती है. इसमें से एक नाम संजू सैमसन का भी है. वे रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर एशिया कप के लिए टीम में चुने गए हैं.
राहुल द्रविड़ ने मीडिया से बात करते हुए कहा, केएल राहुल पिछले एक हफ्ते ट्रेनिंग के दौरान सहज दिखे. उन्होंने अच्छा प्रदर्शन भी किया. वे लगातार चोट से उबर रहे हैं. उन्होंने बताया कि एशिया कप के पहले 2 मैच में वे टीम के साथ नहीं रहेंगे. इस दौरान एनसीए उन पर नजर रखेगा. हम 4 सितंबर को फिर से उनके फिटनेस को देखेंगे और इसके बाद आगे के मैचों को लेकर फैसला किया जाएगा. कोच द्रविड़ के बयान से साफ है कि राहुल अभी भी पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं. ऐसे में मिडिल ऑर्डर को लेकर सवाल बना हुआ है.
मिडिल ऑर्डर के तीनों खिलाड़ी चोटिल
पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ ने कहा कि 18 महीने पहले तक नंबर-4 और नंबर-5 को लेकर चर्चा नहीं हो रही थी, क्योंकि हमारे पास केएल राहुल के अलावा श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत जैसे विकल्प मौजूद थे, लेकिन दुर्भाग्य से ये तीनों ही खिलाड़ी किसी ना किसी कारण से चोटिल हो गए. उन्होंने कहा कि तीनों ही खिलाड़ियों की चोट मामूली नहीं थी. उन्हें सर्जरी तक करानी पड़ी. मालूम हो कि एशिया कप के पहले मैच में भारतीय टीम को 2 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ना है. 4 सितंबर को भारत और नेपाल का मुकाबला होना है.
ईशान किशन प्लेइंग-XI में बना सकते हैं जगह
यदि केएल राहुल को वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिलती है, तो बतौर विकेटकीपर ईशान किशन की जगह प्लेइंग-XI में लगभग पक्की हो जाएगी. वहीं संजू सैमसन और सूर्यकुमार यादव में से किसी एक को वर्ल्ड कप टीम में जगह मिल सकती है. श्रेयस अय्यर की भी फिटनेस को लेकर सवाल बना हुआ है. पिछले वनडे वर्ल्ड कप के बाद से सूर्यकुमार को 26 वनडे मैच में खेलने का मौका मिला है. इस दौरान सूर्या ने 24 पारियों में 24 की औसत से 511 रन ही बना सके हैं. 2 अर्धशतक लगाया है. स्ट्राइक रेट 101 का रहा. यानी टी20 के नंबर-1 बैटर सूर्यकुमार यादव वनडे में उम्मीद के मुताबिक खेल नहीं दिखा सके हैं.
सैमसन का रिकॉर्ड सूर्या के मुकाबले बेहतर
विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन के रिकॉर्ड को देखें, तो उन्हें पिछले वर्ल्ड कप के बाद से सिर्फ 13 वनडे में मौका दिया गया है. इस दौरान उन्होंने 12 पारियों में 56 की औसत से 390 रन बनाए हैं. 3 अर्धशतक जड़ा है और स्ट्राइक रेट 104 का है. यानी प्रदर्शन के मामले में संजू सैमसन मुंबई के सूर्यकुमार यादव से आगे दिखाई दे रहे हैं. केएल राहुल ने पिछले 4 साल में 31 वनडे के मैच खेले हैं. उन्होंने 30 पारियों में 49 की औसत से 1282 रन बनाए हैं. 3 शतक और 9 अर्धशतक जड़ा है. यानी उनका रिकॉर्ड अच्छा रहा है. वहीं ईशान किशन ने 16 पारियों में 46 की औसत से 694 रन बनाए. एक शतक और 6 अर्धशतक लगाया. इस दौरान उन्होंने दोहरा शतक भी ठोका है.
.
Tags: Asia cup, KL Rahul, Team india, World cup 2023
FIRST PUBLISHED : August 29, 2023, 16:07 IST
[ad_2]
Source link