[ad_1]
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के टॉप ऑर्डर को तहस नहस करने वाले पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी (Shaheen Afridi) टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) की विकेट को खास नहीं मानते. अफरीदी ने एशिया कप 2023 के तीसरे मैच में भारत के खिलाफ अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से खूब वाहवाही लूटी. उन्होंने पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली सरीखे दिग्गज बैटर्स को क्लीन बोल्ड कर भारत को झटके पर झटका दिया. तारीफ करनी होगी ईशान किशन और हार्दिक पंड्या की जिन्होंने शुरुआती झटके लगने के बावजूद भारतीय टीम को संभाल लिया.
शाहीन अफरीदी ने भारत के खिलाफ 4 विकेट लिए. उन्होंने विराट और रोहित के साथ हार्दिक पंड्या को शतक से वंचित कर दिया जबकि ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को सेट होने से पहले पवेलियन की राह दिखा दी. शाहीन की आग उगलती गेंदों के सामने भारतीय टॉप ऑर्डर बेबस नजर आया. अफरीदी ने कहा कि टीम मीटिंग में नई गेंद से जो प्लान बनाया गया था, वह काम कर गया.
‘फास्ट बॉलर्स का प्लान काम कर गया’
भारतीय पारी खत्म होने के बाद शाहीन अफरीदी ने कहा, ‘ नई गेंद के साथ हमारा यही प्लान था. मुझे लगता है कि (विराट और रोहित) दोनों के विकेट अहम थे. मेरे लिए हर बैटर एक समान है. लेकिन मुझे लगता है कि रोहित का विकेट बेहतर था. हमारे फास्ट बॉलर्स का प्लान काम कर गया.’ भारत के सभी 10 विकेट पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों ने हासिल किए. अफरीदी के अलावा युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह ने 3 जबकि हारिस रउफ ने भी 3 विकेट चटकाए.
‘पुरानी गेंद से लक्ष्य का पीछा करना आसान रहेगा’
बकौल शाहीन अफरीदी, ‘ नसीम शाह 150 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं. वास्तव में यह देखकर अच्छा लग रहा है. वह वास्तव में तेज है. नई गेंद शायद स्विंग और सीम कर रही थी. एक बार यदि गेंद जब पुरानी हो जाएगी उसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए रन आसानी से बनेंगे. ‘ भारत ने 66 रन पर अपने 4 बड़े विकेट गंवा दिए थे लेकिन उसके बाद ईशान किशन और हार्दिक पंड्या ने पांचवें विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी कर भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. टीम इंडिया 7 गेंद बाकी रहते 266 रन बनाकर पवेलियन लौट गई. पंड्या ने 87 रन बनाए जबकि ईशान ने 82 रन की पारी खेली.
.
Tags: Asia cup, IND vs PAK, India Vs Pakistan, Rohit sharma, Shaheen Afridi, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : September 02, 2023, 21:10 IST
[ad_2]
Source link