[ad_1]
नई दिल्ली. एशिया कप 2023 के सबसे बड़े मुकाबले में चंद घंटे बचे हैं. भारत और पाकिस्तान के बीच कैंडी में आज मैच होना है. पहले यहां 90 फीसदी बारिश की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन अब मौसम में काफी सुधार देखने को मिल रहा है. ऐसे में उम्मीद है कि पूरे 50-50 ओवर का मैच देखने को मिल सकता है. एशिया कप 1984 से खेला रहा है. यह टूर्नामेंट का 16वां सीजन है. वनडे इतिहास की बात करें, तो यह दुनिया का तीसरा सबसे पुराना टूर्नामेंट है. 3 या उससे अधिक देशों के बीच होने वाले टूर्नामेंट को देखें, तो एशिया कप से पहले सिर्फ वनडे वर्ल्ड कप और वर्ल्ड सीरीज के मुकाबले ही हुए थे. भारतीय टीम एशिया कप के इतिहास की सबसे सफल टीम है और उसने 7 बार टाइटल जीता है.
एशिया कप के मौजूदा सीजन की बात करें, तो कुल 6 टीमें इसमें उतर रही हैं. भारत, पाकिस्तान और नेपाल ग्रुप-ए में हैं जबकि ग्रुप-बी में श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश को जगह मिली है. एशिया कप में क्वालिफायर के भी मुकाबले खेले जाते हैं. एशिया कप के क्वालिफायर में अब तक 15 टीमें तो मेन राउंड में सिर्फ 8 ही टीमें उतर सकी हैं. ऐसे में टूर्नामेंट के मौजूदा सीजन की बात करें, तो मेन राउंड में 15 में से 6 ही टीमें दिखेंगी. यानी 9 टीमों को पत्ता कट गया है.
यूएई और हॉन्गकॉन्ग भी मेन राउंड में पहुंचे
नेपाल की टीम एशिया कप के मेन राउंड में पहली बार खेल रही है. इससे पहले यूएई 3 बार तो हॉन्गकॉन्ग की टीम 4 बार मेन ड्रॉ में उतर चुकी है. वहीं बहरीन, कुवैत, मलेशिया, ओमान, कतर, सऊदी अरब और सिंगापुर की टीमें क्वालिफायर से आगे नहीं बढ़ सकी हैं. एशियन क्रिकेट काउंसिल की ओर से एशिया कप का आयोजन किया जाता है. उसके कुल 25 सदस्य हैं. 15 टीमों के अलावा थाईलैंड, कंबोडिया, भूटान, चीन, ईरान, मालदीव, म्यांमार, तजाकिस्तान, ताइवान और ब्रुनोई एसीसी के सदस्य हैं.
वर्ल्ड कप 1975 से हुआ शुरू
वनडे वर्ल्ड कप की बात करें, तो 1975 से इसकी शुरुआत हुई. वहीं वर्ल्ड सीरीज के मुकाबले पहली बार 1979-80 में खेले गए. एशिया कप पहली बार 1984 में यूएई में आयोजित किया गया. कुल 3 टीमें इसमें शामिल हुई थीं. भारतीय टीम लीग राउंड के दोनों मैच जीतकर खिताब जीतने में सफल रही थी. भारत ने श्रीलंका और पाकिस्तान दोनों को हराया. पाकिस्तान की टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी थी.
13 बार वनडे और 2 बार टी20 फॉर्मेट
एशिया कप की शुरुआत वनडे फॉर्मेट के आधार पर की गई. लेकिन 2016 में पहली बार यह टी20 फॉर्मेट के आधार पर खेला गया. एशिया कप के बाद जिस फॉर्मेट का वर्ल्ड कप होना होता है, उस आधार पर इसका आयोजन किया जाता है. पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप था. इसके चलते एशिया कप टी20 फॉर्मेट में हुआ. अब तक 15 में से 13 बार एशिया कप का आयोजन वनडे तो 2 बार टी20 फॉर्मेट के आधार पर हुआ है. टीम इंडिया ने 6 बार वनडे तो एक बार टी20 फॉर्मेट का एशिया कप जीता है.
Ind vs Pak: रोहित शर्मा की टेंशन खत्म! 3 खिलाड़ी, 30 छक्के और भारत की जीत… पाकिस्तान ने खड़े किए हाथ
श्रीलंका ने 5 बार वनडे और एक बार टी20 एशिया कप जीता है. पाकिस्तान की टीम 2 बार वनडे एशिया कप जीतने में सफल हुई है. अन्य किसी टीम को खिताब नहीं मिला है. एशिया कप का मौजूदा सीजन 5 अक्टूबर से होने वाले वर्ल्ड कप को देखते हुए तैयारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है. एशिया कप जहां पाकिस्तान और श्रीलंका में होना है तो वर्ल्ड कप में भारत में खेला जाएगा. यानी दोनों ही टूर्नामेंट एशियाई जमीन पर होने हैं.
.
Tags: Asia cup, Team india
FIRST PUBLISHED : September 02, 2023, 10:30 IST
[ad_2]
Source link