नई दिल्ली. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच राजकोट में तीन वनडे की सीरीज का अंतिम मैच खेला जाएगा. मोहाली और इंदौर में हुए पहले दो वनडे को जीतकर टीम इंडिया सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले चुकी है. ऐसे में अगर भारत राजकोट में भी राज करने में सफल रहता है तो ये पहली बार होगा जब वो वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का क्लीन स्वीप करेगा.
इस मैच के लिए दोनों टीमों में बदलाव नजर आ सकते हैं. पहले दो मैच में रेस्ट के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी हो सकती है. वहीं, ऑस्टेलिया के लिए भी मिचेल स्टार्क और ग्लेन मैक्सवेल जैसे खिलाड़ी प्लेइंग-11 में नजर आ सकते हैं. ये मुकाबला दोनों टीमों के बीच 8 अक्टूबर को होने वाले विश्व कप मैच के ड्रेस रिहर्सल जैसा ही होगा. दोनों ही टीमें आखिरी बाजी में जीत के लिए पूरा जोर लगाना चाहेंगी.
भारतीय टीम इस मैच में शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या, मोहम्मद शमी, अक्षर पटेल और शार्दुल ठाकुर के बिना उतरेगी. इसमें से कुछ खिलाड़ी बीमार हैं तो कुछ को आराम दिया गया है. ऑस्ट्रेलिया के लिए बतौर कप्तान पैट कमिंस की वापसी होगी. मिचेल स्टार्क भी इस मैच में खेल सकते हैं.
ऑस्ट्रेलिया ने पिछले 5 में से चार वनडे में खराब गेंदबाजी की है. इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि कंगारू टीम ने पिछले 5 में से 4 मैच में 338, 416, 315 और 399 रन लुटाए थे. ऑस्ट्रेलिया डेथ ओवर में गेंदबाजी से जूझ रही है. इंदौर में उसने आखिरी 10 ओवर में 103 रन लुटाए थे. डेथ ओवर में इस साल ऑस्ट्रेलिया की इकोनॉमी सबसे खराब है.