[ad_1]
अभिषेक जायसवाल/वाराणसी. आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 (ICC World Cup 2023) का आज से आगाज हो रहा है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला गुरुवार (5 अक्टूबर) को डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच दोपहर 2 बजे से गुजरात के अहमदाबाद में होगा. इस वर्ल्ड कप में 45 दिनों में कुल 48 मैच खेले जाएंगे. देश के अलग-अलग 10 स्टेडियम में ये मैच होंगे. जबकि खिताब के लिए 10 टीमें मैदान में हैं. वर्ल्ड कप की शुरुआत के साथ ही चर्चा शुरू हो गई है कि इस बार ट्राफी किसके हाथ लगेगी?
टीम इंडिया ने 1983 में इंग्लैंड में पहली बार क्रिकेट वर्ल्ड कप का चैंपियन बनने का सपना पूरा किया था. इसके बाद 2011 में अपने ही मैदानों पर दम दिखाते हुए आईसीसी ट्रॉफी पर कब्जा किया था. भारतीय टीम इस बार भी इतिहास दोहराने के लिए मैदान में है. वहीं, सबकी निगाहें वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा बार विश्व विजेता बनी आस्ट्रेलिया टीम पर भी हैं. क्रिकेट से जुड़े तमाम एक्सपर्ट के अपने-अपने तर्क और दावे हैं. इन तर्कों और दावों के बीच ग्रहों की चाल किस ओर इशारा कर रही है और ज्योतिषी गणना के हिसाब से क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का विश्व विजेता कौन होगा? आइए जानते हैं काशी के मशहूर ज्योतिषी पंडित संजय उपाध्याय से…
ऑस्ट्रेलिया के सितारे भी हैं मजबूत
ज्योतिषी पंडित संजय उपाध्याय ने बताया कि 1975 से अब तक वर्ल्ड कप ट्राफी में ऑस्ट्रेलिया ने 5 बार जीत हासिल की है. इसके अलावा 2 बार भारत, 2 बार वेस्टइंडीज, 1 बार इंग्लैंड और 1 बार पाकिस्तान भी चैंपियन बना है. इसमें खास बात ये है कि ऑस्ट्रेलिया ने जब-जब जीत हासिल की, उस समय शनि मंगल की राशि में था.
बृहस्पति और शनि दिलाएंगे भारत को जीत
वहीं, पंडित संजय उपाध्याय ने बताया कि 1983 में टीम इंडिया ने जब पहली बार जीत हासिल की, तो उस समय बृहस्पति मंगल की राशि मेष में और शनि अपने उच्च की राशि तुला में था. 2011 में जब भारत को ऐतिहासिक जीत मिली तब भी ऐसे ही योग थे. बृहस्पति मेष राशि और शनि कन्या राशि में था. साथ ही बताया कि इस बार भी वर्ल्ड कप की शुरुआत के साथ ऐसा संयोग बन रहा है कि बृहस्पति मंगल की राशि मेष में है और शनि अपने मूल त्रिकोण कुंभ राशि में बैठा हुआ है. ऐसे में संभावनाएं भारत की जीत की बन रही हैं.
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच होगी कांटे की टक्कर?
पंडित संजय उपाध्याय की भविष्यवाणी के मुताबिक, इस वर्ल्ड कप में कड़ी टक्कर ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच देखी जाएगी. इन दोनों ही टीमों के सितारे बुलंद हैं और 19 नवम्बर 2023 को होने वाला फाइनल मैच इन दोनों टीमों के बीच खेले जाने की उम्मीद है.
कब कौन सी टीम बनी चैंपियन?
बहरहाल, 1975 से क्रिकेट वर्ल्ड कप की शुरुआत हुई है. पहली बार वेस्टइंडीज ने वर्ल्ड कप जीता था. इसके बाद 1979 में वेस्टइंडीज ने दोबारा जीत हासिल की. वहीं, 1983 में भारत कपिल देव की कप्तानी में वर्ल्ड कप चैंपियन बना. इसके बाद 1989 में ऑस्ट्रेलिया, 1992 में पाकिस्तान,1996 में श्रीलंका, 1999, 2003 और 2007 में ऑस्ट्रेलिया खिताबी हैट्रिक लगाकर अपना दबदबा कायम किया. वहीं, भारत में हुए 2011 वर्ल्ड कप की ट्राफी पर टीम इंडिया ने कब्जा जमाया. जबकि 2015 में ऑस्ट्रेलिया और 2019 में इंग्लैंड ने वर्ल्ड कप जीता है.
(नोट: यह खबर ज्योतिषशास्त्र और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है.News 18 इसके सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)
.
Tags: Cricket world cup, Indian Cricket Team, Rohit sharma, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : October 5, 2023, 11:45 IST
[ad_2]
Source link