[ad_1]
नई दिल्ली. भले ही साउथ अफ्रीका की टीम अबतक विश्व कप जीतने के कीर्तिमान से वचिंत रही हो लेकिन क्रिकेट की पिच पर जब इतिहास रचने की बात होती है तो इस टीम का कोई जवाब नहीं. टेम्बा बावुमा की कप्तानी वाली टीम ने आज श्रीलंका के खिलाफ विश्व कप 2023 के मुकाबले में वो काम करके दिखाया, जो अन्य टीमों के लिए कर पाना अभी भी टेढ़ी खीर बना हुआ है. आज अफ्रीकी टीम के तीन बल्लेबाजों ने मैच में शतक ठोक दिए, जिसके दम पर उन्होंने श्रीलंका को जीत के लिए 429 रनों का विशाल लक्ष्य दिया है.
पहले सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने 84 गेंदों पर 100 रन की पारी खेली. दूसरे विकेट के लिए उन्होंने रासी वान डेर डुसेन के साथ मिलकर 204 रनों की साझेदारी बनाई. डुसेन ने 110 गेंदों का सामना कर 108 रनों का योगदान दिया. दोनों के शतक लगाने के बाद नंबर-4 पर बैटिंग के लिए आए एडेन मारक्रम ने वनडे विश्व कप के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाया. उन्होंने 49 गेंदों पर अपना शतक पूरा करने के साथ-साथ मैच में 54 गेंदों पर 106 रनों की पारी खेली.
यह भी पढ़ें:- चीन में लहराया तिरंगा…महिलाओं के बाद पुरुष क्रिकेट टीम ने भी जीता गोल्ड, ऐसे खत्म की पाकिस्तान की बादशाहत
तीसरी बार एक मैच में ठोके तीन शतक
यह तीसरा मौका है जब वनडे क्रिकेट के इतिहास में साउथ अफ्रीका की टीम ने एक मैच में तीन शतक ठोके हैं. सबसे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में एबी डिविलियर्स, हाशिम अमला और राइली रूसो ने एक ही वनडे मैच में शतक ठोका था. इसके बाद भारत के खिलाफ एक मैच के दौरान एबी डीविलियर्स, क्विंटन डी कॉक और फाफ डु प्लेसिस ने शतक ठोका था. आज तीसरी बार अफ्रीकी टीम ने यह कारनामा किया.

अफ्रीका के अलावा केवल एक टीम कर पाई है ये काम
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास पर नजर डालें तो एक मैच में तीन शतक ठोकने का यह खास कारानामा साउथ अफ्रीका के अलावा अन्य टीमों के लिए अभी भी टेढ़ी खीर बना हुआ है. केवल इंग्लैंड ही एक ऐसी टीम है जो यह कर पाई है. नीदरलैंड के खिलाफ मैच में इंग्लैंड के फिल साल्ट, डेविड मलान और जोस बटलर ने शतक ठोका था.
.
Tags: Aiden Markram, Quinton de Kock, Rassie van der Dussen, SA vs SL, South Africa vs Sri Lanka, World cup 2023
FIRST PUBLISHED : October 7, 2023, 19:34 IST
[ad_2]
Source link