[ad_1]
Hamas attack On Israel: हमास के चरमपंथियों ने शनिवार को यहूदी अवकाश के दिन अचानक बड़ा हमला किया. गाजा पट्टी के पास इजराइली शहरों पर हजारों रॉकेट दागे और वहां दर्जनों लड़ाके भेजे, जिसमें कम से कम 150 लोग मारे गए हैं. हमास चरमपंथी समूह का कहना है कि उसने गाजा पट्टी में कई इजरायली सैनिकों को बंदी बना रखा है. समूह की सैन्य शाखा के प्रवक्ता अबू ओबैदा ने कहा कि कुछ अधिकारियों सहित सैनिकों को शनिवार को दक्षिणी इज़राइल में एक आश्चर्यजनक घुसपैठ के दौरान पकड़ लिया गया था. उन्होंने कहा कि बंदियों को ‘सुरक्षित स्थानों’ और आतंकवादी सुरंगों में रखा जा रहा है.
22 जगहों पर लड़ाई जारी
इजराइल ने कहा कि वह अब हमास के साथ युद्धरत है और जवाबी कार्रवाई में गाजा पर हवाई हमले शुरू कर दिए हैं. इजराइली सेना के प्रवक्ता डैनियल हगारी ने कहा कि घुसपैठ शुरू होने के कुछ घंटे बाद भी, इजराइली सैनिक गाजा पट्टी के पास कस्बों और अन्य क्षेत्रों सहित 22 स्थानों पर हमास के बंदूकधारियों के साथ लड़ रहे हैं.
गाजा पट्टी में कम से कम 198 लोग मारे गए
गाजा में फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इजराइल की जवाबी कार्रवाई में गाजा पट्टी में कम से कम 198 लोग मारे गए हैं और कम से कम 1,610 घायल हुए हैं. मध्य गाजा शहर में शाम को हुए हवाई हमले में 14 मंजिला एक आवासीय टॉवर नष्ट हो गया, जिसमें हमास का कार्यालय भी स्थित है. इज़राइली ने कुछ देर पहले ही चेतावनी जारी की थी और हताहतों की संख्या का तुरंत पता नहीं चल पाया है.
हमले ने इजराइलियों को चौंका दिया
हमले के स्तर और समय ने इजराइलियों को चौंका दिया. हमास के लड़ाकों ने लंबे समय से अवरुद्ध भूमध्यसागरीय क्षेत्र को घेरने वाली सीमा बाड़ को तोड़ने के लिए विस्फोटकों का इस्तेमाल किया, फिर मोटरसाइकिल, पिकअप ट्रक, पैराग्लाइडर और तेज गति वाली नौकाओं से तट पर पहुंच गए. इजराइली कस्बों की सड़कों पर मृत इजराइली नागरिकों और हमास चरमपंथियों के शव देखे गए. एसोसिएटेड प्रेस की तस्वीरों में बंदूकधारियों से घिरी एक अपहृत बुजुर्ग इजराइली महिला को एक गोल्फ कार्ट पर गाजा में वापस लाते हुए देखा गया. वहीं एक अन्य महिला मोटरसाइकिल पर दो लड़ाकों के बीच बैठी हुई दिखी.
चौंकाने वाली तस्वीरें आईं सामने
ऐसी तस्वीरें सामने आयी हैं, जिनमें हमास के बंदूकधारी काबू किए गए सैनिकों और नागरिकों को मोटरसाइकिलों पर गाजा में लाते हुए दिखे. साथ ही इसमें वे इजराइली सैन्य वाहनों को सड़कों पर घुमाते हुए दिखे. साथ ही सोशल मीडिया पर हमास लड़ाकों के कई वीडियो प्रसारित हो रहे हैं. एक वीडियो में गाजा के भीतर एक इजराइली सैनिक के शव को फलस्तीनियों की गुस्साई भीड़ द्वारा घसीटते हुए देखा जा सकता है.
इजराइल के प्रधानमंत्री ने क्या कहा?
इस हमले के एक बड़े संघर्ष में तब्दील होने का खतरा उत्पन्न हो गया है. हमास-इजराइल के बीच पिछले संघर्षों में गाजा में बड़े पैमाने पर लोगों की मौत और विनाश हुआ था. इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ‘‘हम युद्धरत हैं.’’ नेतन्याहू ने इसके साथ ही एक व्यापक सैन्य लामबंदी की घोषणा भी की. उन्होंने कहा, ‘‘यह कोई अभियान नहीं, बल्कि एक युद्ध है.’’ हमास की तरफ से भारी संख्या में रॉकेट दागे जाने और दक्षिणी इजराइल में चरमपंथियों की घुसपैठ के बाद नेतन्याहू ने टेलीविजन पर अपने संबोधन में यह बात कही. उन्होंने दावा किया कि हमास ‘‘ऐसी कीमत चुकाएगा, जैसा उसने सोचा भी न होगा.’’
इजराइल पर 2,500 रॉकेट दागे
इजराइल पर लगभग 2,500 रॉकेट दागे गए, जिसके जवाब में इजराइली सेना ने गाजा में हमला किया. इजराइल की सेना ने कहा कि उसके सैनिक हमास के उन चरमपंथियों के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं, जिन्होंने कम से कम सात स्थानों पर इजराइल में घुसपैठ की थी. सेना ने कहा कि चरमपंथी बाड़ को पार करके आए थे और यहां तक कि पैराग्लाइडर के जरिये हवा के माध्यम से भी इजराइल पर हमला किया.
इजराइली लोगों को बंदी बना लिया
इज़राइली सेना ने इसकी पुष्टि की कि कई इजराइली लोगों को बंदी बना लिया गया है. हमास के एक शीर्ष अधिकारी, सालेह अरौरी ने अल-जज़ीरा टीवी को बताया कि उनके समूह ने वरिष्ठ अधिकारियों सहित ‘बड़ी संख्या में’ इजराइली कैदियों को कब्जे में रखा है. उन्होंने कहा कि उनका इस्तेमाल इजराइली जेलों में बंद फलस्तीनी बंदियों को मुक्त करने के लिए कैदियों की अदला-बदली में किया जाएगा. किसी भी पक्ष ने यह नहीं बताया कि इनकी संख्या कितनी है.
अमेरिका ने क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने ‘गाजा के हमास चरमपंथियों द्वारा इजराइल के खिलाफ इस भयावह हमले की निंदा की.’ व्हाइट हाउस के एक बयान के अनुसार, बाइडन ने नेतन्याहू से बात की और कहा कि इज़राइल को ‘अपनी और अपने लोगों की रक्षा करने का अधिकार है.’’
सऊदी अरब ने क्या कहा?
इजराइल के साथ संबंधों को सामान्य बनाने के लिए अमेरिका के साथ बातचीत कर रहे सऊदी अरब ने एक बयान जारी करके दोनों पक्षों से संयम बरतने का आह्वान किया. उसने कहा कि उसने बार-बार ‘कब्जे (और) फलस्तीनी लोगों को उनके वैध अधिकारों से वंचित किए जाने के परिणामस्वरूप स्थिति के विस्फोटक होने के खतरों’ के बारे में चेतावनी दी थी.
नेपाल ने कहा- हम इजराइल के साथ
इस बीच काठमांडू से मिली जानकारी के अनुसार, इज़राइल में शनिवार को हमास चरमपंथी समूह द्वारा किए गए हमले में कम से कम नौ नेपाली नागरिक घायल हो गए. यह जानकारी नेपाल सरकार ने दी है. नेपान सरकार ने अभूतपूर्व हमले की निंदा की और तेल अवीव के साथ एकजुटता की प्रतिबद्धता जताई. नेपाली विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि नेपाली सरकार ने हमले में ‘बहुमूल्य मानव जीवन के नुकसान’ की कड़ी निंदा की है, जिसमें ‘कई लोग घायल भी हुए हैं’.
हमास ने क्या कहा?
हमास के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि संगठन ने इजरायल के खिलाफ एक अभूतपूर्व हमले के दौरान इजरायली अधिकारियों को अपनी जेलों में सभी फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करने का दबाव बनाने के लिए “पर्याप्त” इजरायली सैनिकों को पकड़ लिया है. यह बात शनिवार को मीडिया की एक खबर में कहा गया.हमास के राजनीतिक ब्यूरो के उप प्रमुख सालेह अल-अरौरी ने शनिवार को अल जजीरा को बताया, “हम कई इजरायली सैनिकों को मारने और पकड़ने में कामयाब रहे. लड़ाई अभी भी जारी है.” वरिष्ठ अल-अरोउरी ने कहा, “(इज़राइली) जेलों में हमारे बंदियों की आजादी खतरे में है. हमारे हाथ में जो है, वह हमारे सभी कैदियों को रिहा कर देगा. जितनी लंबी लड़ाई जारी रहेगी, कैदियों की संख्या उतनी ही अधिक होगी.” पकड़े गए लोगों में अधिकारी भी शामिल थे, लेकिन उन्होंने कोई आंकड़ा नहीं दिया.
..5,200 फिलिस्तीनी इजरायली जेलों में
कैदियों के अधिकार के लिए काम करने वाले गैर सरकारी संगठन अदमीर के ताजा आंकड़ों का हवाला देते हुए अल जजीरा ने बताया कि लगभग 5,200 फिलिस्तीनी इजरायली जेलों में हैं, जिनमें 33 महिलाएं, 170 नाबालिग और 1,200 से अधिक को प्रशासनिक हिरासत में रखा गया है. इज़रायली सेना ने स्वीकार किया है कि कई सैनिक और कमांडर मारे गए हैं और युद्ध बंदी बना लिए गए हैं. फिलहाल कोई आंकड़ा नहीं दिया गया है.
(एजेंसी इनपुट के साथ)
.
[ad_2]
Source link