World Cup 2023 Live Update: बाबर आजम की अगुआई में पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप 2023 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की. पाकिस्तान ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराया. जीत के साथ पाकिस्तान की टीम प्वाइंट टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है. मैच में श्रीलंका ने पहले खेलते हुए 344 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था, लेकिन पाक ने मोहम्मद रिजवान और अब्दुल्लाह शफीक के शतक के दम पर लक्ष्य को 10 गेंद शेष रहते 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया. रिजवान 121 गेंद पर 131 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं शफीक ने भी 113 रन बनाए. वर्ल्ड कप के एक अहम मैच में टीम इंडिया आज अफगानिस्तान से भिड़ेगी. यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है. शुभमन गिल इस मैच से भी बाहर हैं.
पाकिस्तान टीम का यह वर्ल्ड कप सबसे बड़ा चेज है. हालांकि कप्तान बाबर आजम कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके. वे 10 रन बनाकर दिलशान मधुशंका का शिकार हुए. मोहम्मद रिजवान और अब्दुल्लाह शफीक ने दूसरे विकेट के लिए 176 रन की बड़ी साझेदारी करके पाकिस्तान टीम की वापसी कराई. इसके बाद रिजवान और सऊद शकील ने चौथे विकेट के लिए 95 रन जोड़े. शकील ने 30 गेंद पर 31 रन बनाए. वहीं इफ्तिखार अहमद 10 गेंद पर 22 रन बनाकर नाबाद रहे.
टीम इंडिया आज अफगानिस्तान के खिलाफ उतरेगी. भारत ने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की थी. केएल राहुल ने 97 तो विराट कोहली ने 85 रन बनाए. बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट लिए थे. इसके अलावा कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह को 2-2 विकेट मिले थे. दिल्ली में हुए एक मैच में साउथ अफ्रीका ने श्रीलंका के खिलाफ 428 रन बनाए थे. ऐसे में इस मैच में भी बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है.