[ad_1]
नई दिल्ली. जिसका शक था वही हुआ. वर्ल्ड कप 2023 में जीत के सफर पर शानदार तरीके से आगे बढ़ रहा दक्षिण अफ्रीका एक बार फिर उलटफेर का शिकार हो गया है. ‘चोकर्स’ के दाग को खुद से चस्पा कर चुके दक्षिण अफ्रीका को इस बार नीदरलैंड्स ने हराया. इन दोनों टीमों के बीच धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर मुकाबला हुआ. मैच से पहले बारिश हो गई. इस कारण मैच के ओवर घटाकर 43-43 ओवर कर दिया गया. नीदरलैंड्स ने पहले बैटिंग करते हुए 245 का स्कोर बनाया. इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 207 रन पर ही सिमट गई. इस तरह से डच आर्मी ने यह मुकाबला 38 रन से मुकाबला जीत लिया.
एक साल के भीतर यह दूसरा मौका है जब नीदरलैंड्स ने दक्षिण अफ्रीका को वर्ल्ड कप में हराया है. इससे पहले उसने पिछले साल खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका को हराया था. दक्षिण अफ्रीका की धर्मशाला की हार मौजूदा वर्ल्ड कप का दूसरा बड़ा उलटफेर भी है. इससे पहले अफगानिस्तान ने गत चैंपियन इंग्लैंड को हराकर अपने तेवर दिखाए थे.
तुक्का नहीं है नीदरलैंड्स की जीत
नीदरलैंड्स ने इस मैच में सिर्फ उलटफेर नहीं किया, बल्कि उसने अपने खेल से दूसरी टीमों के लिए चेतावनी भी जारी कर दी है. आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालीफायर में वेस्टइंडीज जैसी दिग्गज को बाहर का रास्ता दिखाने वाली टीम ने यह जता दिया है कि उसका वर्ल्ड कप 2023 में क्वालीफाई करना कोई तुक्का नहीं था.
नीदरलैंड्स ने की टॉस हारकर पहले बैटिंग
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ धर्मशाला में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी नीदरलैंड्स की शुरुआत खराब रही. दक्षिण अफ्रीका ने डच टीम के पहले 4 विकेट महज 50 रन के भीतर झटक लिए. नीदरलैंड्स का मध्यक्रम भी नाकाम रहा और देखते ही देखते उसका स्कोर 140 रन पर 7 विकेट हो गया. जब इस टीम के लिए 200 का स्कोर भी मुश्किल लग रहा था, तब कप्तान स्कॉट एडवर्डस (Scott Edwards) ने मोर्चा संभाला. एडवर्ड्स ने 69 गेंद पर 78 रन की बेहतरीन पारी खेली. नौवें नंबर पर बैटिंग करने आए वान डर मर्व ने 29 और 10वें नंबर पर बैटिंग करने आए आर्यन दत्त ने 23 रन की पारी खेली. एडवर्ड्स को उनकी मैचविनिंग पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
दक्षिण अफ्रीका ने की ठीकठाक शुरुआत
246 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे दक्षिण अफ्रीका ने ठीकठाक शुरुआत की. उसके ओपनर्स क्विंटन डिकॉक और कप्तान तेम्बा बवूमा ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े. लेकिन एक बार जो विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हुआ तो अंत तक नहीं थमा.
मिलर-महाराज छोड़ 30 भी पार नहीं कर सके अफ्रीकी बैटर
44 रन पर 4 विकेट गंवाने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए डेविड मिलर ने जरूर कुछ उम्मीद जगाई. लेकिन उनके आउट होते ही यह उम्मीद भी जाती रही. डेविड मिलर ने 43 रन की पारी खेली. मिलर के आउट होने के बाद केशव महाराज (40) ने भी अच्छे हाथ दिखाए, लेकिन तब तक जीत दक्षिण अफ्रीका के हाथों से फिसल चुकी थी.
.
Tags: Arsh se Farsh par, Netherlands, South africa, World cup 2023
FIRST PUBLISHED : October 17, 2023, 23:01 IST
[ad_2]
Source link