[ad_1]
Pakistan Politics: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की वतन वापसी के साथ ही पड़ोसी देश में सियासी जंग तेज हो गई है. इमरान खान की तहरीक-ए-इंसाफ ने नवाज शरीफ को ‘राष्ट्रीय अपराधी’ करार दिया है. पीटीआई ने कहा कि सरकार ने ‘कायर भगोड़े’ के ‘न्यायिक शरण’’ के तहत घर लौटने के लिए मार्ग प्रशस्त करके शर्म, हया, कानून और न्याय को अपने हाथों से दफन कर दिया है.
चार साल बाद लौटे नवाज
नवाज शरीफ (73) अपनी पार्टी का नेतृत्व करने और जनवरी में संभावित आम चुनाव में रिकॉर्ड चौथी बार सत्ता में आने के प्रयास के तहत ब्रिटेन में चार साल के आत्म-निर्वासन के बाद शनिवार को विशेष विमान से दुबई से स्वदेश लौट आए. इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) सुप्रीमो नवाज की स्वदेश वापसी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा ‘कायर भगोड़ा न्यायिक शरण के तहत लौट रहा है.’
‘राष्ट्रीय अपराधी की वापसी’
खान की पार्टी के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि लंदन से देश में ‘राष्ट्रीय अपराधी की वापसी’ का मार्ग प्रशस्त करने के लिए ‘सरकार ने अपने हाथों से शर्म, हया, कानून और न्याय को दफन कर दिया.’ शरीफ तीन बार प्रधानमंत्री रहे हैं, लेकिन 2017 में भ्रष्टाचार का दोषी पाए जाने के बाद उन्हें सत्ता से हटना पड़ा और राजनीति से आजीवन अयोग्य घोषित कर दिया गया.
नवाज पर पीटीआई का हमला
अप्रैल 2022 में इमरान खान के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता से बेदखल होने का जिक्र करते हुए पार्टी के प्रवक्ता ने कहा कि शासन परिवर्तन की साजिश के बाद, राज्य के तत्वों ने संविधान और लोकतंत्र का माखौल उड़ाते हुए ‘राष्ट्र को तानाशाही की जंजीरों में बांध दिया और भ्रष्ट भेड़िये के आगे फेंक दिया.’ बयान में कहा गया है कि जेल में बंद खान ने 27 साल पहले अपराधियों और सत्ता के बीच सांठगांठ के खिलाफ राजनीतिक संघर्ष शुरू किया था.
..पीढ़ी-दर-पीढ़ी देश को लूटा
पार्टी ने कहा कि खान के नेतृत्व में देश चोरों, माफियाओं और लुटेरों के खिलाफ खड़ा है. पीटीआई के प्रवक्ता ने कहा, ‘देश अपने अपराधी का ‘स्वागत’ करने के लिए तैयार है, जिसे राज्य ने ‘अपनाया’ है.’ उन्होंने कहा कि लोग उन अपराधियों को जवाबदेह ठहराएंगे, जिन्होंने पीढ़ी-दर-पीढ़ी देश को लूटा है. बयान में यह मांग भी दोहराई गई कि पारदर्शी, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव तत्काल कराने से देश को संकट से बाहर निकाला जा सकता है.
..एक सजायाफ्ता अपराधी
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘एक सजायाफ्ता अपराधी को हर चीज में मदद की जा रही है. पाकिस्तान की कानूनी व्यवस्था को पीएमएल-एन ने पूरी तरह से नष्ट कर दिया है.’ शरीफ का पाकिस्तान लौटने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. नवाज शरीफ के भाई और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि पीएमएल-एन सुप्रीमो एकजुट होने और पाकिस्तान को पटरी पर लाने के लिए वापस आ रहे हैं.
नवाज के भाई शहबाज ने क्या कहा?
शहबाज ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘मेरे नेता नवाज शरीफ आज आपके बीच होंगे, इंशाअल्लाह. वह इस देश को विभाजित करने नहीं, एकजुट करने के लिए वापस आ रहे हैं. वह नफरत नहीं, अपने लोगों के बीच प्यार बांटने के लिए आ रहे हैं.’ शहबाज ने कहा, ‘वह आपको किसी पार्टी या समूह के लिए गोला-बारूद बनाने नहीं, समर्थ नागरिक बनाने में मदद करने के लिए वापस आ रहे हैं. वह पाकिस्तान को वापस पटरी पर लाने के लिए वापस आ रहे हैं.’
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के नेता और पूर्व संघीय मंत्री मूनिस इलाही ने कहा, ‘घोषित अपराधी और सजायाफ्ता नवाज शरीफ को देश में घूमने की इजाजत मिल गई है.’
(एजेंसी इनपुट के साथ)
.
[ad_2]
Source link