[ad_1]
हाइलाइट्स
श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच वर्ल्ड कप 2023 का मैच 6 नवंबर को खेला जाना है
दिल्ली में इस समय प्रदूषण बेहद गंभीर स्तर पर पहुंच गया है
नई दिल्ली. दिल्ली- एनसीआर (Delhi Pollution) की हवा लगातार खराब होती जा रही है. इस दमघोंटू हवा से लोग परेशान हैं. दिल्ली सरकार ने पहली से लेकर पांचवीं क्लास तक स्कूलों को बंद कर दिया है. लोगों ने मॉर्निंग वॉक पर जाना छोड़ दिया है. बुजुर्गों के लिए दिल्ली में इस समय सांस लेना दुभर हो गया है. प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. इस बीच आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 (ICC Cricket World Cup 2023) के मुकाबले भी दिल्ली में खेले जा रहे हैं. वायु प्रदूषण के ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचने के कारण श्रीलंकाई क्रिकेट टीम को शनिवार को अपना शुरुआती प्रैक्टिस सेशन रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा.
इससे पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने भी शुक्रवार को अपना प्रैक्टिस सेशन रद्द किया था. बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच आईसीसी का 38वां मैच 6 नवंबर (SL vs BAN) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है. बांग्लादेश की टीम बुधवार को दिल्ली पहुंच गई थी लेकिन टीम ने शुक्रवार को अभ्यास नहीं करने का फैसला किया क्योंकि शहर में प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर प्लस’ श्रेणी में पहुंच गया था.
वीरेंद्र सहवाग के इस ट्वीट से पाकिस्तान को लग जाएगी मिर्ची, बोले- सचिन और राहुल को आदत रही है…
केएल राहुल को वर्ल्ड कप के बीच में मिली बड़ी जिम्मेदारी, हार्दिक पंड्या की जगह बनाए गए उप कप्तान
श्रीलंकाई खिलाड़ी शनिवार को होटल के अंदर रहे
श्रीलंका के खिलाड़ियों ने भी शनिवार को होटल के अंदर रहना ही सही समझा क्योंकि सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 407 था. श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के एक सूत्र ने शनिवार के अभ्यास सत्र का जिक्र करते हुए कहा, ‘वायु गुणवत्ता के मुद्दे के कारण इसे रद्द कर दिया गया.’ बांग्लादेश की टीम सोमवार को खेले जाने वाले मैच से दो दिन पहले प्रदूषण का बहादुरी से सामना करने के लिए तैयार है. कार्यक्रम के मुताबिक टीम शनिवार को शाम छह बजे से अभ्यास करेगी.
मैच दिल्ली में होगा या नहीं? फैसला 6 को
एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है. इसकी संभावना बहुत कम है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) इस मैच को दिल्ली से बाहर स्थानांतरित करेगी. मैच के आयोजन पर हालांकि कोई फैसला छह नवंबर को ही होगा.
‘हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं’
आईसीसी के एक प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘हम फिलहाल स्थिति का आकलन कर रहे हैं. आईसीसी और हमारे मेजबान बीसीसीआई के लिए सभी प्रतिभागियों का स्वास्थ्य महत्वपूर्ण है. हम दिल्ली में हवा की गुणवत्ता की निगरानी कर रहे हैं। हम स्थिति का आकलन करने के लिए विशेषज्ञों की सलाह ले रहे हैं.’ हवा की गुणवत्ता का आकलन आमतौर पर मैच के दिन मैच अधिकारियों द्वारा किया जाता है. श्रीलंका के खिलाड़ी 2017 में भारत के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान प्रदूषण से निपटने के लिए मास्क पहन कर मैदान में उतरे थे.
खिलाड़ियों को होने लगी खांसी
बांग्लादेश की टीम के निदेशक खालिद महमूद ने शुक्रवार को कहा था कि शहर में बाहर जाने के बाद उनके खिलाड़ियों को खांसी होने लगी और इसलिए प्रबंधन ने पहला अभ्यास सत्र रद्द करने का फैसला किया. उन्होंने टीम होटल में कहा था,‘कई क्रिकेटर कल (गुरुवार) बाहर निकले थे और उनमें से कुछ को खांसी की शिकायत है इसलिए इससे जोखिम जुड़ा हुआ है। इन सब कारणों से हमने अभ्यास सत्र रद्द करने का फैसला किया ताकि खिलाड़ी अस्वस्थ ना हों.’
.
Tags: Bangladesh, Delhi pollution, ODI World Cup, Sri lanka
FIRST PUBLISHED : November 4, 2023, 18:31 IST
[ad_2]
Source link