[ad_1]

इस्राइल-हमास युद्ध
– फोटो : ANI
विस्तार
इस्राइल और हमास के बीच गाजा में पिछले एक महीने से संघर्ष जारी है। इस्राइली सेना गाजा के रिहायशी इलाकों में लगातार बमबारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में गाजा में इस्राइल की बमबारी में 214 लोगों की मौत हुई है। इस बीच, इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाजा में युद्धविराम की किसी भी संभावना को एक बार फिर खारिज कर दिया है। युद्धविराम पर बातचीत की खबरों पर नेतन्याहू ने कहा, मैं सभी तरह की झूठी अफवाहों पर विराम लगाना चाहता हूं। मैं एक बात स्पष्ट रूप से दोहराना चाहता हूं कि इस्राइली बंधकों की रिहाई के बिना कोई युद्धविराम नहीं होगा।
वहीं, गाजा में युद्धविराम की मांग को लेकर दुनिया भर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। बुधवार को अमेरिकी संसद (कांग्रेस) के कर्मचारियों ने गाजा में युद्धविराम की मांग को लेकर वॉकआउट किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 100 से अधिक कर्मचारियों ने यूएस कैपिटल बिल्डिंग के सामने इकट्ठे होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने एक संयुक्त बयान में कहा, हम अब और चुप नहीं रह सकते हैं। हम गाजा में संघर्षविराम की अपील कर रहे हैं, क्योंकि संसद में बैठे अधिकांश प्रतिनिधि उन लोगों की बातों को अनसुना कर रहे हैं, जिनका वे प्रतिनिधित्व करते हैं। हमारी मांग है कि हमारे नेता संघर्षविराम के लिए ठोस पहल करें। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में कुछ सांसदों ने युद्धविराम का आह्वान किया है। हालांकि, बाइडन प्रशासन ने युद्धविराम के आह्वान का समर्थन करने के दबाव को खारिज कर दिया है।
उत्तरी गाजा में हमास का नियंत्रण खत्म
वहीं, इस्राइली सेना ने दावा किया है कि उत्तरी गाजा में हमास का नियंत्रण खत्म हो गया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस्राइली सेना के प्रवक्ता ने कहा, हमने 50,000 गाजावासियों को उत्तरी गाजा पट्टी से दक्षिण की ओर जाते देखा। गाजावासी भाग रहे हैं क्योंकि उन्हें समझ में आ गया है कि हमास ने उत्तरी गाजा में नियंत्रण खो दिया है। प्रवक्ता ने कहा कि कोई युद्धविराम नहीं होगा, लेकिन हम गाजा में फलस्तीनियों को दक्षिण हिस्से में जाने की अनुमति दे रहे हैं। वहीं, मानवा अधिकार समूहों का कहना है कि दक्षिण गाजा की ओर भाग रहे लोगों के काफिलों पर हमला किया गया है, जिससे लोग डरे हुए हैं।
युद्ध के बीच हजारों नागरिकों ने उत्तरी गाजा छोड़ा
भीषण युद्ध के बीच हजारों नागरिक इस्राइल के वायु और जमीनी हमलों से बचने के लिए उत्तरी गाजा से पलायन कर गए हैं। दरअसल इस्राइल ने आम नागरिकों को उत्तरी गाजा खाली करने के लिए चार घंटे की मोहलत दी थी। इस्राइली सैनिकों ने गाजा के काफी अंदर तक पहुंच कर चारों ओर से उसे घेर लिया है। फलस्तीन के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि नुसेरत के शरणार्थी शिविर पर बुधवार को इस्राइली हवाई हमले में 18 लोगों की मौत हो गई। वहीं, सात अक्तूबर को इस्राइल पर हमास के हमले के बाद शुरू हुए युद्ध में गाजा में अब तक 10,569 फलस्तीनी नागरिक मारे गए हैं। जबकि इस्राइल में 1,400 से अधिक नागरिकों की मौत हुई है।
[ad_2]
Source link