नई दिल्ली. तेम्बा बावुमा की कप्तानी वाली साउथ अफ्रीका और हशमतुल्लाह शाहिदी की अगुआई वाली अफगानिस्तान (SA vs AFG) की टीम आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 (ICC Cricket World Cup 2023) के 42वें मैच में आज आमने सामने हैं. यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendar Modi Stadium) में खेला जाएगा. अफगानिस्तान टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है. शाहिदी की कप्तानी वाली अफगान टीम इस मुकाबले को बड़े अंतर से जीतकर खुद को सेमीफाइनल की दौड़ में बनाए रख सकती है वहीं साउथ अफ्रीकी टीम बेंच स्ट्रेंथ आजमाने उतरेगी. साउथ अफ्रीका ने पहले ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. प्रोटियाज टीम 12 अंकों के साथ अंतिम चार के लिए क्वालीफाई कर चुकी है. अफगानिस्तान को यदि सेमीफाइनल में पहुंचना है तो उसे साउथ अफ्रीका को 438 रन के बड़े अंतर से हराना होगा. यदि साउथ अफ्रीका पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो फिर अफगानिस्तान की टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो जाएगी.
अफगानिस्तान ने इस विश्व कप में अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है. अफगान लड़ाके इस विश्व कप में पूर्व वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड, श्रीलंका औार पाकिस्तान को हरा चुके हैं. अफगानिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए साउथ अफ्रीका के खिलाफ चमत्कारिक प्रदर्शन करना होगा. अफगानिस्तान की टीम 8 मैचों में 4 जीत से 8 अंक लेकर पॉइंट टेबल में छठे स्थान पर है. अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीकी टीमें वनडे में अभी तक एक बार भिड़ी हैं जहां प्रोटियाज टीम ने बाजी मारी है वहीं दो टी20 में भी साउथ अफ्रीका विजेता रहा है. अफगानिस्तान को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाना होगा.