[ad_1]
Israel Hamas War: इजरायल और हमास के बीच एक महीने से भी ज्यादा वक्त से जंग जारी है. हमास के अंत के लिए इजरायल अब हर घातक हथियार इस्तेमाल कर रहा है. हमास की तरफ से भी लगातार हमला जारी है. इस बीच चौंकाने वाली खबर यह आई है कि हमास के हमलों के खिलाफ इजरायल ने पहली बार एरो 3 मिसाइल इंटरसेप्टर का इस्तेमाल किया है. इजरायली सेना ने बताया कि उसके हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल इंटरसेप्टर ने लाल सागर से इजरायल की ओर आ रहे एक “लक्ष्य” को सफलतापूर्वक रोका और नष्ट कर दिया.
पहली बार एरो 3 मिसाइल का इस्तेमाल
इजरायल के रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि गुरुवार को एरो 3 सिस्टम का पहली बार इस्तेमाल किया गया. इसके इस्तेमाल से इजरायल की ओर लॉन्च किए गए लक्ष्य को प्रभावी ढंग से रोक दिया गया. इजरायल रक्षा बलों के मुताबिक एरो 3 मिसाइल की तैनाती 2017 में की गई थी. लेकिन इसका इस्तेमाल अब किया गया है.
क्या है एरो 3 इंटरसेप्टर?
एरो 3 मिसाइल दुनिया की सबसे उन्नत वायु और मिसाइल रक्षा प्रणालियों में से एक है. एरो 3 को विशेष रूप से लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए इंजीनियर किया गया है. इसका निर्माण इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज ने इजरायली मिसाइल रक्षा संगठन और अमेरिकी मिसाइल रक्षा एजेंसी के सहयोग से किया है. अरबों डॉलर की एरो परिवार की मिसाइलों को ईरान से हमले के खतरे को रोकने के लिए तैयार किया गया था. हाइपरसोनिक एरो 3 पुराने एरो 2 की तुलना में काफी तेज और ज्यादा ऊंचाई पर हमलों को रोकने में सक्षम है.
हिजबुल्ला का चौंकाने वाला दावा
आतंकवादी समूह हिजबुल्ला के नेता ने कहा कि उसके लड़ाके लेबनान-इजराइल सीमा पर चल रहे संघर्ष में अधिक मारक क्षमता वाली मिसाइल सहित नये किस्म के हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं. इतना ही नहीं, वे सीमा पर तनावपूर्ण स्थिति बनाए रखेंगे, जिससे इजरायल पर दबाव बने. हिजबुल्ला नेता सैय्यद हसन नसरल्ला ने इजराइल-हमास युद्ध पर अमेरिका की आलोचना करते हुए कहा कि यह (अमेरिका) एकमात्र देश है जो गाजा पट्टी पर इजराइल के व्यापक हमले को रोक सकता है, लेकिन यह ऐसा नहीं कर रहा है.
हमले गाजा में युद्ध खत्म होने तक जारी रहेंगे..
सैय्यद ने कहा कि इराक और सीरिया में अमेरिकी सैनिकों पर हमले गाजा में युद्ध खत्म होने तक जारी रहेंगे. इन हमलों को लेकर अमेरिका ने कहा है कि 40 से अधिक रॉकेट और आत्मघाती ड्रोन हमले हुए हैं. नसरल्ला ने कहा कि लेबनान की दक्षिणी सीमा पर चल रहे युद्ध में हाल के दिनों में बदलाव देखा गया है, जिसमें हथियारों के इस्तेमाल और इजराइल में भीतर तक किए गए हमलों में परिवर्तन भी शामिल है. उन्होंने कहा कि हिजबुल्ला उत्तरी इजराइल में निगरानी और सर्वेक्षण करने वाले मानवरहित ड्रोन भेज रहा है, जिनमें से कुछ को मार गिराया गया है, जबकि कुछ अन्य जानकारी के साथ उनके पास लौट आए.
(एजेंसी इनपुट के साथ)
.
[ad_2]
Source link