[ad_1]
दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान ने अपनी पहली ही फिल्म ‘कला’ से साबित कर दिया कि अगर उन्हें सही मौके मिलते रहे, तो इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बना सकते हैं। फिल्म ‘कला’ के बाद नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘फ्राइडे नाइट प्लान’ में भी उनके किरदार को काफी पसंद किया गया। इन दो फिल्मों के बाद नेटफ्लिक्स पर ही बाबिल खान की पहली वेब सीरीज ‘द रेलवे मेन’ स्ट्रीम होने जा रही है। यशराज फिल्म्स की इस सीरीज में बाबिल खान दमदार भूमिका में नजर आएंगे। पिता के साथ तुलना किए जाने पर बाबिल खान का कहना है कि वह उनके जैसा बिल्कुल भी बनने की कोशिश नहीं करेंगे, बल्कि अपनी अलग पहचान बनाएंगे।
वेब सीरीज द रेलवे मेन’ की कहानी उन रेल कर्मियों के साहस की कहानी है, जिन्होंने अपनी जान पर खेलकर गैस कांड के दौरान भोपाल रेलवे स्टेशन पर फंसे लोगों को अपनी सूझ बूझ से बचाया था। इस सीरीज में आर माधवन ने सेंट्रल रेलवे के जीएम, केके मेनन ने भोपाल के स्टेशन मास्टर और बाबिल खान ने एक ऐसे लोको पायलट की भूमिका निभाई है, जिसकी नौकरी के पहले ही दिन ये हादसा हो जाता है। बाबिल खान कहते हैं, ‘यह वेब सीरीज साल 1984 की भोपाल गैस त्रासदी के गुमनाम नायकों को श्रद्धांजलि है।’
समीक्षकों का कहना रहा है कि अपने पिता के अभिनय की छाया बाबिल की तरफ दर्शकों को खींचकर तो ला सकती है लेकिन यह लंबे समय तक उनके काम नहीं आएगा। बॉलीवुड में ऐसे बहुत स्टार किड्स हैं, जो अपने पिता की अभिनय की छाया से निकल नहीं पाए और अच्छे अभिनेता होने के बाद खुद को स्थापित नहीं कर पाए। पिता इरफान खान का नाम जुड़ा होने से बाबिल को दर्शकों की काफी हद तक सहानुभूति मिली है और निश्चित रूप से आगे भी मिलती रहेगी। हालांकि, बाबिल खान हमेशा से ही अपनी अभिनय यात्रा को लेकर मुखरता से यह कहते नजर आए हैं कि वह अपना अलग मुकाम तय करेंगे। पिता के साथ तुलना किए जाने पर उन्होंने हमेशा यही कहा है कि वह बिल्कुल भी वैसा बनने की कोशिश नहीं करेंगे, बल्कि अपनी अलग पहचान बनाएंगे।
[ad_2]
Source link