नई दिल्ली. आईसीस क्रिकेट विश्व कप 2023 के पहले सेमीफाइनल में भारत का सामना बुधवार को न्यूजीलैंड से होगा. इस हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर मंच सज चुका है. दोनों टीमें एक दूसरे से भिड़ने को तैयार है. दूसरा सेमीफाइनल 5 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच 16 नवंबर यानी गुरुवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा. लगातार 9 मैच जीतकर टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंची है वहीं कीवी टीम को 9 में से 5 मुकाबले जीतने के बाद सेमीफाइनल का टिकट कटाया है. रोहित एंड कंपनी इस समय शानदार फॉर्म में हैं. खुद कप्तान रोहित बतौर कप्तान और बल्लेबाज धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे हैं. भारतीय गेंदबाज भी अच्छी लय में हैं.
विराट कोहली इस विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स की लिस्ट में टॉप पर हैं वहीं रोहित शर्मा 500 से ज्यादा रन जुटा चुके हैं. रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया विश्व कप में लगातार 9 मैच जीतकर रिकॉर्ड कायम किया है. रोहित विश्व कप में लगातार 9 मैच जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान हैं. भारतीय टीम से विश्व कप ट्रॉफी महज 2 जीत दूर है. कीवी टीम के खिलाफ सेमीफाइनल में भारत को सतर्क रहना होगा. इसी कीवी टीम ने 2019 के वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत को हराकर उसके खिताबी सपने को तोड़ा था.