[ad_1]
नई दिल्ली. वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल कुछ घंटे बाद खेला जाना है. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह मैच होना है. एक लाख से अधिक फैंस मैच देखने के लिए स्टेडियम में पहुंच सकते हैं. रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अब तक कमाल का प्रदर्शन किया. टीम अब तक अपराजेय है और लगातार 10 मैच जीते हैं. दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया ने सबसे अधिक 5 बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता है. कंगारू टीम 8वीं बार फाइनल में पहंची है. अब तक उसके खिलाफ फाइनल में कोई भी टीम 300 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी है. ऐसे में देखना होगा कि क्या भारतीय टीम ऐसा कर पाती है या नहीं.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाला फाइनल मुकाबला काली मिट्टी की पिच पर होना है. पिच पर भारत और पाकिस्तान का मुकाबला खेला भी जा चुका है. यानी इस पिच के मैच के बढ़ने के साथ ही स्लो होने की संभावना है. यह बात कप्तान रोहित शर्मा भी कह चुके हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम है. 1975 में लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल में वेस्टइंडीज ने पहले खेलते हुए 8 विकेट पर 291 रन बनाए थे. हालांकि यह मैच 60 ओवर्स का था. जवाब में कंगारू टीम 274 रन ही बना सकी थी. इस तरह से वेस्टइंडीज ने यह मुकाबला 17 रन से जीता था.
इंग्लैंड को नहीं बनाने दिए 254 रन
1987 का फाइनल ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेला गया था. ऑस्ट्रेलिया ने पहले खेलते हुए 253 रन बनाए थे. जवाब में इंग्लैंड की टीम 246 रन ही बना सकी थी. यह ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड कप का पहला टाइटल था. 1996 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले खेलते हुए 241 रन ही बना सकी थी. श्रीलंका ने लक्ष्य को 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था. 2003 के फाइनल में टीम इंडिया 234, 2007 में श्रीलंका ने 215, 2015 में न्यूजीलैंड ने 183 तो 1999 के वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पाकिस्तान की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ 132 रन ही बना सकी थी.

2023 में 4 बार बने 300 से अधिक रन
वर्ल्ड कप 2023 की बात करें, तो 4 टीमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 300 से अधिक रन बना चुकी हैं. न्यूजीलैंड ने एक मैच में 383 रन बनाए थे. हालांकि उसे 5 रन से हार मिली थी. इसके अलावा साउथ अफ्रीका ने 311, बांग्लादेश ने 306 तो पाकिस्तान ने 305 रन बनाए थे. मौजूदा वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलियाा ने भी 4 बार 300 से अधिक रन बनाए हैं. टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 388 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. इसके अलावा बांग्लादेश के खिलाफ 307, नीदरलैंड्स के खिलाफ 399 तो पाकिस्तान के खिलाफ 367 रन बनाए.
रोहित शर्मा ने कहा- जैसा अब तक खेले, वैसा ही फाइनल में… लेकिन 11 खिलाड़ियों पर होगा दबाव
टीम इंडिया की बात करें, तो ग्रुप राउंड में टीम ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हरा चुकी है. भारत ने अब तक 3 बार 300 से अधिक तो एक बार 400 से अधिक रन बनाए हैं. भारत ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 410 रन बनाए थे. इसके अलावा श्रीलंका के खिलाफ 357, साउथ अफ्रीका के खिलाफ 326 तो न्यूजीलैंड के खिलाफ 397 रन बनाए थे. टीम इंडिया का दारोमदार विराट कोहली से लेकर रोहित शर्मा तक पर होगा. दोनों ही सीनियर बैटर वर्ल्ड कप में शतकीय पारी भी खेल चुके हैं.
.
Tags: Australia, Rohit sharma, Team india, World cup 2023
FIRST PUBLISHED : November 19, 2023, 05:31 IST
[ad_2]
Source link