[ad_1]
नई दिल्ली. भारत और पाकिस्तान के मुकाबले का फैंस को इंतजार रहता है. लेकिन 2012 के बाद से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है. भारतीय टीम अंतिम बार 2008 में एशिया कप खेलने पाकिस्तान गई थी. विवाद के चलते भारत और पाक के बीच अभी द्विपक्षीय सीरीज की संभावना नहीं दिख रही है. वनडे क्रिकेट में 50 शतक लगाने दुनिया के एकमात्र बैटर विराट कोहली ने अब तक पाकिस्तान में एक भी इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है. ऐसे में क्या कोहली कभी पाकिस्तान में इंटरनेशनल मैच नहीं खेले सकेंगे? रोहित शर्मा से लेकर सचिन तेंदुलकर तक को भी पाकिस्तान में अधिक मैच खेलने का मौका नहीं मिला.
आईसीसी की ओर से पाकिस्तान को 2025 में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी दी गई है. ऐसे में देखना होगा कि क्या टीम इंडिया पाकिस्तान जाती है या नहीं. पिछले दिनों एशिया कप के लिए बीसीसीआई ने टीम काे पाकिस्तान भेजने से मना कर दिया था. इसके बाद हाइब्रिड मॉडल पर इसका आयोजन किया गया था. टूर्नामेंट के मुकाबले पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका में खेले गए थे. लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी आईसीसी का आयोजन है. ऐसे में भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान जा सकती है. पिछले दिनों वर्ल्ड कप खेलने पाकिस्तान की टीम भारत आई थी.
सचिन ने खेले सिर्फ 23 मैच
पूर्व भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान में सिर्फ 23 इंटरनेशनल के मुकाबले खेले. इस दौरान उन्होंने 26 पारियों में 39 की औसत से 963 रन बनाए. 3 शतक और 3 अर्धशतक लगाया. नाबाद 194 रन बेस्ट प्रदर्शन रहा. रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को देखें, तो उन्होंने पाकिस्तान में 6 मैच खेले हैं. 29 की औसत से 116 रन बनाए हैं. एक अर्धशतक भी जड़ा है. बतौर भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान में सबसे अधिक 24 इंटरनेशनल मैच पूर्व दिग्गज कप्तान कपिल देव ने खेले हैं. उन्होंने इस दौरान 3 अर्धशतक के सहारे 644 रन बनाए हैं. 73 रन बेस्ट प्रदर्शन है. 54 विकेट भी झटके.
कोहली ने 11 दूसरे देशों में खेले हैं मैच
विराट कोहली ने भारत को छोड़कर 11 देशों में मुकाबले खेले हैं. विदेशी धरती पर उन्होंने सबसे अधिक 59 इंटरनेशनल मैच ऑस्ट्रेलिया में खेले हैं. इस दौरान 56 की औसत से 3426 रन बनाए. 11 शतक और 19 अर्धशतक जड़ा. यानी 30 बार 50 से अधिक रन की पारी खेली. 169 रन बेस्ट प्रदर्शन है. इसके अलावा इंग्लैंड में कोहली ने 57 मैच में 2637 रन बनाए हैं. कोहली ने श्रीलंका में 41, बांग्लादेश-वेस्टइंडीज में 33-33, साउथ अफ्रीका में 31, न्यूजीलैंड में 21, जिम्बाब्वे में 11, यूएई में 10, अमेरिका में 4 तो आयरलैंड में 2 मैच खेले हैं. कोहली ने भारत में 216 मैच खेले हैं. 38 शतक और 59 अर्धशतक के सहारे 11960 रन बनाए हैं. नाबाद 254 रन बेस्ट प्रदर्शन है.
टी20 टीम से चल रहे हैं बाहर
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच एक साल पहले नवंबर 2022 में खेला था. ऐसे में इस बात की उम्मीद कम है कि उन्हें जून 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में जगह मिले. उम्र को देखते हुए कोहली और रोहित का 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप खेलना भी मुश्किल है. ऐसे में 2025 चैंपियंस ट्रॉफी दोनों दिग्गज खिलाड़ियों का अंतिम आईसीसी टूर्नामेंट हो सकता है. विराट कोहली 2011 वनडे वर्ल्ड कप व 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे. वहीं रोहित शर्मा 2007 में टी20 वर्ल्ड और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुके हैं.
.
Tags: India Vs Pakistan, Team india, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : November 22, 2023, 17:36 IST
[ad_2]
Source link