[ad_1]
रोहित भट्ट/ अल्मोड़ा. उत्तराखंड के नैनीताल जिले में विश्व विख्यात कैंची धाम (Kainchi Dham) स्थित है. देश ही नहीं विदेशों में रह रहे लोग भी नीम करौली बाबा (Neem Karoli Baba) पर पूरी श्रद्धा-आस्था रखते हैं. बॉलीवुड, क्रिकेट व अन्य क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियां भी उनके आगे सिर झुकाती हैं. इन्हीं में से एक हैं अल्मोड़ा की रहने वालीं महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट (Ekta Bisht), जो नीम करौली महाराज की भक्त हैं. विमेंस प्रीमियर लीग 2024 (Women’s Premier League 2024) के लिए हुई नीलामी में एकता बिष्ट को रॉयल चैलेंजर बैंगलोर ने 60 लाख रुपये में खरीदा. जिसके बाद एकता ने अपने फेसबुक और व्हाट्सएप स्टेटस पर नीम करौली बाबा की फोटो और वीडियो शेयर किया.
दरअसल, बीते दिन मुंबई में विमेंस प्रीमियर लीग 2024 के लिए नीलामी हुई. रॉयल चैलेंजर बैंगलोर ने 60 लाख रुपये चुकाकर गेंदबाज एकता बिष्ट को अपनी टीम में शामिल किया. उनका बेस प्राइस 30 लाख रुपये था. इसके बाद उनके परिवार और साथियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. RCB की टीम में शामिल होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर नीम करौली बाबा की फोटो और वीडियो शेयर की. उन्होंने ‘जय गुरुदेव’ लिखकर वीडियो शेयर किया है.
‘बाबा तुरंत पूरी कर देते हैं मन्नत’
‘लोकल 18’ से खास बातचीत में एकता बिष्ट ने बताया कि उनकी बाबा के प्रति आस्था पहले से ही है. बाबा से जो कुछ मांगों, वह तुरंत आपकी मन्नत को पूरा कर देते हैं. आज वह जिस मुकाम पर हैं, उनके आशीर्वाद से ही हैं. वह जब भी अल्मोड़ा जाती हैं, तो कैंची धाम में बाबा के दर्शन करने जरूर जाती हैं. वहीं RCB में शामिल होने पर एकता ने कहा कि उन्होंने लगातार जो डोमेस्टिक और लीग मैच में प्रदर्शन किया है, इसी आधार पर आरसीबी ने उनपर भरोसा जताया है. वह इस भरोसे पर खरा उतरेंगी और अपनी टीम के लिए 100 प्रतिशत देंगी.
श्रीलंका के खिलाफ हैट्रिक
गौरतलब है कि एकता बिष्ट ने अभी तक अपने करियर में एक टेस्ट मैच में तीन विकेट, 63 ODI में 98 विकेट और T20 के 42 मैच में 53 विकेट लिए हैं. एकता भारत की पहली ऐसी महिला गेंदबाज हैं, जिन्होंने 2012 में श्रीलंका के खिलाफ टी-20 मुकाबले में हैट्रिक ली थी. इसके अलावा उन्होंने अपनी फिरकी से पाकिस्तान को भी पटखनी दी थी. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में दो बार पांच विकेट लिए हैं. बड़े से बड़े बल्लेबाज उनकी गेंदबाजी के सामने घुटने टेक देते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : December 10, 2023, 11:58 IST
[ad_2]
Source link