[ad_1]

कांग्रेस सांसद धीरज साहू के घर से बरामद नकदी
– फोटो : ANI
ओडिशा स्थित डिस्टिलरी कंपनी के खिलाफ आयकर विभाग के छापों में कुल 351 करोड़ की नकदी जब्त की गई है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से जुड़े ठिकानों से बरामद नोटों की गिनती लगातार पांच दिन चौबीसों घंटे चली। गिनती खत्म होने के बाद एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक भगत बेहरा ने रविवार को बताया, नोटों की गिनती में 3 बैंकों के अधिकारी लगे। नोट गिनने की करीब 40 मशीनों का इस्तेमाल किया गया।
आयकर अधिकारियों ने बताया, जल्द ही कंपनी के मुख्य प्रमोटरों को अपने बयान दर्ज कराने के लिए समन जारी किया जाएगा। विभाग का मानना है कि बेहिसाबी नकदी का पूरा भंडार व्यापारिक समूह, वितरकों और अन्य लोगों के देसी शराब की नकद बिक्री से जुटाया गया है। आयकर विभाग के मुताबिक, झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य साहू के रांची और अन्य ठिकानों पर भी छापे मारे गए। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बरामद राशि में से साहू के घर से कितनी नकदी पकड़ी गई और क्या दस्तावेज बरामद किए गए। कंपनी और सांसद ने अपने खिलाफ की जा रही कार्रवाई के संबंध में पत्रकारों के सवालों का जवाब नहीं दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि देश में आयकर विभाग की किसी भी एक कार्रवाई के तहत बरामद यह सबसे बड़ी नकदी है। बोध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड, उसके प्रमोटरों और अन्य के खिलाफ कर चोरी के आरोप में आयकर विभाग ने 6 दिसंबर को छापे की कार्रवाई शुरू की थी। कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग छापों के ठिकानों पर मौजूद कर्मचारियों के बयान दर्ज कर रहा है। इससे पूर्व 2019 में कानपुर स्थित एक व्यवसायी पर जीएसटी इंटेलिजेंस के छापे के दौरान 257 करोड़ की नकदी जब्त की गई थी। एक अन्य मामले में जुलाई 2018 में तमिलनाडु में एक सड़क निर्माण फर्म के खिलाफ आयकर विभाग की तलाशी के दौरान 163 करोड़ रुपये की नकदी का खुलासा हुआ था।
[ad_2]
Source link