[ad_1]
पर्थ. पाकिस्तान के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ओपनर डेविड वार्नर के करियर की आखिरी टेस्ट सीरीज होने वाली है. इस सीरीज के बाद वह अपने टेस्ट करियर पर विराम लगाने की घोषणा कर चुके हैं. उनके संन्यास लेने के बाद कंगारू टीम के लिए यह भूमिका कौन निभाएगा इस पर चर्चा जोरों पर है. इस बीच मिचेल मार्श ने इस स्थान पर बल्लेबाजी करने से इनकार कर दिया है.
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मिशेल मार्श ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ वर्तमान टेस्ट सीरीज के बाद डेविड वार्नर के संन्यास लेने के बाद उनका टेस्ट क्रिकेट में पारी का आगाज करने का इरादा नहीं है. मार्श सीमित ओवरों की क्रिकेट में अमूमन शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करते हैं लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबी अवधि के प्रारूप में वह छठे नंबर पर ही बल्लेबाजी करना चाहते हैं.
‘द ऐज’ समाचार पत्र के अनुसार मार्श ने कहा, ‘‘मैं इसे मुख्य खबर बनाए बिना कैसे जवाब दूं. मुझे इस बात की खुशी है कि इसके बारे में (उनके सलामी बल्लेबाज बनने) चर्चा चल रही है और आखिरकार वार्नर के संन्यास लेने के बाद हमें नए सलामी बल्लेबाज की जरूरत पड़ेगी. लेकिन मैंने टीम में वापसी के लिए वास्तव में कड़ी मेहनत की है और सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाने की उम्मीद करना मेरे लिए समझदारी भरा कदम नहीं होगा.’’
मार्श ने साफ तौर पर कहा, ‘‘मुझे छठे नंबर पर बल्लेबाजी करना पसंद है तथा पिछले चार टेस्ट मैचों में एक टेस्ट क्रिकेटर के रूप में मैंने अपनी राह तय कर ली है और मुझे यह पसंद है. मैं इसे नहीं बदलना चाहूंगा.’’
मार्श ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में 107 गेंद पर 90 रन की आक्रामक पारी खेली थी और उन्होंने कहा कि छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने से उन्हें आक्रामक अंदाज में खेलने की छूट मिलती है, उन्होंने कहा, ‘‘मैं जिस तरह से खेलना चाहता हूं मुझे लगता है कि पिछले 12 महीनों में मैंने उसकी झलक दिखलाई है. मैं भी स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और उस्मान ख्वाजा की तरह लंबी पारियां खेलने चाहता हूं.’’
.
Tags: David warner, Mitchell Marsh
FIRST PUBLISHED : December 16, 2023, 21:17 IST
[ad_2]
Source link