[ad_1]
आईपीएल 2024 मुंबई इंडियंस की जर्सी में रोहित शर्मा का आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है। शुक्रवार को इस फ्रेंचाइजी ने रोहित को हटाकर हार्दिक पांड्या को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि रोहित और फ्रेंचाइजी के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। रोहित ने 11 संस्करण में मुंबई की कप्तानी की है और टीम को पांच ट्राफियां दिलाई हैं।
2025 में मेगा ऑक्शन है और सभी टीमों को सिर्फ चार खिलाड़ी रिटेन करने होंगे। आईपीएल संचालन परिषद चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति देगी जिसमें तीन भारतीय और एक विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसे में यह स्पष्ट है कि रोहित अब मुंबई इंडियंस की योजनाओं में शामिल नहीं हैं और उन्हें रिलीज किया जा सकता है।
अगर मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अगले साल मेगा ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस द्वारा रिटेन किए गए तीन भारतीय हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह हो सकते हैं। एक स्लॉट विदेशी खिलाड़ी का है। हालांकि, अगर रोहित इस साल आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हैं और इसके बाद अगर वह टी20 विश्व कप के लिए बतौर कप्तान चुने जाते हैं तो क्या परिस्थिति बनेगी यह देखने लायक बात होगी। हार्दिक ने 2022 टी20 विश्व कप के बाद अधिकतर टी20 मैचों में भारत की अगुआई की है और वह छोटे प्रारूप में राष्ट्रीय टीम की अगुआई जारी रखना चाहेंगे।
रोहित कई बार कह चुके हैं कि वह मुंबई इंडियंस को छोड़कर किसी अन्य फ्रेंचाइजी के लिए कभी नहीं खेलेंगे, लेकिन क्या वह अपना मन बदलेंगे क्योंकि उत्तर भारत से एक आईपीएल फ्रेंचाइजी है जो उन्हें टीम का मेंटर-सह-कप्तान बनने के लिए खाली चेक देने को तैयार है। रोहित का फ्रेंचाइजी से अलग होना इसलिए भी तय माना जा रहा है क्योंकि रोहित शायद कप्तानी से हटने को तैयार नहीं थे।
यह तो सब जानते हैं कि रोहित आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। अगर कोई ऐसा सम्मान वाला कप्तान अगर टीम छोड़ता है या कप्तानी से हटाया जाता है तो उसका बयान सामने आना तय है। वहीं, मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को कप्तान बनाने और रोहित को हटाने के लिए जो प्रेस रिलीज जारी की, उसमें रोहित का बयान कहीं नहीं था। हालांकि मुंबई इंडियंस के ग्लोबल क्रिकेटिंग हेड महेला जयवर्धने ने रोहित को उनके योगदान के लिए धन्यवाद जरूर दिया।
केवल 48 घंटे पहले रोहित ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर अल्टीमेट ग्लोबल प्राइज में एक और शॉट लेने की प्रेरणा के बारे में बात की थी। हालांकि, इस दौरान उन्होंने अपने आईपीएल प्लान के बारे में कोई जिक्र नहीं किया था। इसका मतलब है कि उन्हें भी इस बात का अंदाजा नहीं था। पिछले तीन आईपीएल सीजन मुंबई इंडियंस के पक्ष में नहीं रहे हैं।
हार्दिक 2021 में पूरी तरह से फिट नहीं थे और गेंदबाजी नहीं की थी। ऐसे में मुंबई को इसका नुकसान हुआ था। वहीं, 2022 में टीम को हार्दिक की कमी खली थी और टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी। 2023 में जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट से जूझ रहे थे और जोफ्रा आर्चर में एक बड़ा निवेश भी सफल नहीं हुआ।
इन सभी चीजों ने मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन और मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में रोहित के आंकड़ों को भी प्रभावित किया। हालांकि, जब तक रोहित इस बारे में कोई बयान नहीं देते हैं, तब तक यह अनुमान लगाना बहुत मुश्किल होगा कि फ्रेंचाइजी का अपने इन-हाउस दिग्गजों में से एक के साथ कप्तानी और तमाम चीजों को लेकर क्या और किस तरह का कम्यूनिकेशन हुआ है।
हालांकि, आईपीएल 2024 में हार्दिक के कप्तानी संभालने से रोहित भी दबाव से मुक्त हो जाएंगे और अगले सीजन में सिर्फ ‘हिटमैन’ के तौर पर खेलते दिखेंगे। अगर उनका प्रदर्शन शानदार रहता है तो कौन जानता है कि उन्हें एक और सीजन में खेलते हुए भी देखा जा सकेगा। हालांकि, यह मुंबई की जर्सी में होगा या किसी और जर्सी में, यह तो वक्त ही बताएगा।
[ad_2]
Source link