[ad_1]

आकाश मिसाइल
– फोटो : एएनआई
विस्तार
आर्मेनिया के साथ आकाश वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली को लेकर हुए सौदे के बाद फिलीपींस, ब्राजील, मिस्र भी इस मिसाइल प्रणाली की खरीद में अपनी रुचि दिखा रहे हैं। बता दें कि आकाश मिसाइल प्रणाली को लेकर भारत और आर्मेनिया के बीच 600 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का ऑर्डर पहले ही हो चुका है।
अधिकारियों ने बताया है कि अगले कुछ महीनों में आर्मेनिया को डिलीवरी शुरू होने की उम्मीद है। इस बीच, ब्राजील, मिस्र और फिलीपींस सहित कई देशों ने आकाश मिसाइल प्रणाली में रुचि दिखाई है। उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व में भी ऐसे देश हैं जिन्होंने आकाश हथियार प्रणाली की क्षमताओं और परीक्षणों में रुचि दिखाई है।
हाल ही में भारत ने किया मारक क्षमता का प्रदर्शन
हाल ही में आकाश मिसाइल का एक परीक्षण किया गया था। जहां एक आकाश मिसाइल ने चार लक्ष्यों (मानव रहित हवाई लक्ष्य) पर एक साथ निशाना साधा था। यह प्रदर्शन 12 दिसंबर को सूर्यलंका वायु सेना स्टेशन पर अस्त्रशक्ति 2023 के दौरान भारतीय वायुसेना द्वारा आयोजित किया गया था। इसके बाद डीआरडीओ ने दिखाया कि आकाश एक साथ चार निशानों को तबाह करने की ताकत रखता है। 25 किलोमीटर तक मार करने की क्षमता वाले आकाश मिसाइल के सफल प्रक्षेपण पर डीआरडीओ ने बताया कि हवा में सटीक निशाना साधने की ताकत से लैस आकाश मिसाइल सिस्टम भारत के सुरक्षा असलहों में अत्याधुनिक हथियार के रूप में गिना जाएगा।
[ad_2]
Source link