[ad_1]
नई दिल्ली. आईपीएल 2024 ऑक्शन में सबसे बड़ी बोली कोलकाता नाइटराइडर्स ने लगाई. केकेआर ने मिचेल स्टार्क को 24.75 करोड़ रुपए में खरीदकर आईपीएल का इतिहास ही बदल दिया. लेकिन लगता है कि इतनी बड़ी बोली लगाना कोलकाता नाइटराइडर्स को उलटा पड़ गया है. कोलकाता नाइटराइडर्स के पास मिचेल स्टार्क को खरीदने के बाद इतने पैसे नहीं बचे कि वह संतुलित टीम बना पाए. इस टीम को मिडिल ऑर्डर में एक ऐसे बैटर की दरकार थी, जो श्रेयस अय्यर और रिंकू सिंह का भार कम कर सके. आईपीएल 2024 के ऑक्शन के बाद साफ है कि कोलकाता नाटराइडर्स इस कमी को दूर नहीं कर सका और अगले सीजन में जब-तब उसकी बैटिंग चरमराती रहेगी.
कोलकाता नाइटराइडर्स की पूरी टीम जानने से पहले हम उन खिलाड़ियों की बात कर लेते हैं, जिसे उसने आईपीएल 2024 ऑक्शन में खरीदा. केकेआर ने दुबई में हुए आईपीएल ऑक्शन में मिचेल स्टार्क समेत 10 खिलाड़ी खरीदे. इनमें 4 भारतीय और 6 विदेशी हैं. विदेशी खिलाड़ियों में मिचेल स्टार्क के अलावा मुजीब उर रहमान (2.0 करोड़), शेन रदरफोर्ड (1.50 करोड़) और गट एटकिंसन (1 करोड़) शामिल हैं. केकेआर ने 5 भारतीय क्रिकेटरों मनीष पांडे (50 लाख), केएस भरत (50 लाख), चेतन सकारिया (50 लाख), अंगकृष रघुवंशी (20 लाख), रमनदीप सिंह (20 लाख) और साकिब हसन (20 लाख) शामिल हैं.
मिचेल स्टार्क.
अब केकेआर की पूरी टीम देख लेते हैं. केकेआर की टीम इस प्रकार है: श्रेयस अय्यर (कप्तान), नीतीश राणा (उप कप्तान), जेसन रॉय, रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, अंगकृष रघुवंशी, रिंकू सिंह, केएस भरत (विकेटकीपर), मनीष पांडे, शेरफेन रदरफोर्ड, आंद्रे रसेल, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क, गस एटकिंसन, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा, चेतन सकारिया, साकिब हुसैन, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, सुयश शर्मा, मुजीब उर रहमान.
तेज गेंदबाजों का कोटा कम्प्लीट
आईपीएल ऑक्शन से पहले साफ था कि कोलकाता नाइटराइडर्स को ऐसे तेज गेंदबाजों और बल्लेबाजों की सख्त जरूरत है, जो अपने दम पर मैच जिता सकें. मिचेल स्टार्क, गस एटकिंसन और चेतन सकारिया को खरीदकर केकेआर ने तेज गेंदबाजों का कोटा काफी हद तक भर लिया है. अनकैप्ड साकिब हुसैन भी पेसर हैं. मुजीब उर रहमान स्पिन अटैक को तीखा करेंगे. लेकिन बैटिंग में केकेआर की कमजोरी कायम है.
क्रिकेटप्रेमी जानते हैं कि प्लेइंग इलेवन में अधिकतम 4 विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं. केकेआर की प्लेइंग इलेवन में पहली पसंद 4 विदेशी मिचेल स्टार्क, सुनील नरेन, ऑलराउंडर आंद्र रसेल और जेसन रॉय हो सकते हैं. अगर यही कॉम्बिनेशन बनता है तो तय है कि केकेआर की बैटिंग लाइनअप 2024 में भी लगभग वही रहने वाली है, जो 2023 में थी. इसमें बस एक नाम नया जुड़ने जा रहा है और वह है मनीष पांडे. जिन किसी ने भी आईपीएल प्लेयर्स ऑक्शन देखा है उन्हें पता है कि मनीष पांडे किसी भी टीम की पसंद नहीं थे. सच तो यह है कि उनके नाम पर पहले राउंड में किसी ने बोली तक नहीं लगाई थी. इसका मतलब यह नहीं है कि मनीष पांडे कमतर खिलाड़ी हैं. बिलकुल नहीं. मनीष पांडे मैच विनर हैं. लेकिन यह साफ है कि वे केकेआर की भी पहली पसंद नहीं थे.
अय्यर, राणा और रिंकू पर दबाव जस का तस
कह सकते हैं कि आईपीएल में जिन 3 भारतीय बैटर्स श्रेयस अय्यर, नीतीश राणा और रिंकू सिंह पर रहता था, उनके साथ के लिए ऐसा कोई बड़ा मैचविनर नहीं जोड़ा गया है. मनीष पांडे ही वह चौथा नाम है, जो केकेआर के मिडिलऑर्डर को संभालेगा. लेकिन इनमें से एक भी खिलाड़ी अगर आउट ऑफ फॉर्म होता है तो केकेआर के पास उनका ऐसा कोई रिप्लेसमेंट नहीं है, जिसे मैच विनर कहा जा सके.
रसेल का इतिहास चोट से परेशानी भरा
ऑलराउंडर आंद्रे रसेल का इतिहास चोट से परेशानी का रहा है. इसके बावजूद केकेआर ने एक भी बैकअप ऑलराउंडर नहीं खरीदा है. आईपीएल के ऐसे गिने चुने सीजन ही हैं, जहां रसेल सारे मैच खेले. अगर खेले भी तो कई बार बॉलिंग नहीं की, सिर्फ बैटिंग की. कह सकते हैं कि यह भी एक एरिया था, जहां केकेआर को काम करने की जरूरत थी, जो वह नहीं कर सका. शायद इसकी वजह पैसे की कमी भी हो. क्योंकि केकेआर ने खरीदे तो 10 खिलाड़ी, लेकिन सिर्फ दो को ही 2 करोड़ से ज्यादा की रकम दी. जबकि कई अन्य टीमों ने 5-6 करोड़ में अच्छे ऑलराउंडर अपने साथ जोड़ लिए. कुल मिलाकर कोलकाता नाइटराइडर्स के पास हैं तो 23 खिलाड़ी. लेकिन इनमें से एक-दो प्रमुख खिलाड़ी भी अगर चोटिल हुए या किसी अन्य कारण से नहीं खेले तो केकेआर मुश्किलों से नहीं उबर पाएगी.
.
Tags: IPL, IPL 2024, IPL Auction, Kolkata Knight Riders, Rinku Singh
FIRST PUBLISHED : December 20, 2023, 18:05 IST
[ad_2]
Source link