[ad_1]
India-South Africa 3rd ODI Highlights : भारतीय क्रिकेट टीम ने गुरुवार को पार्ल में खेले गए सीरीज के तीसरे व अंतिम वनडे इंटरनेशनल मैच (IND vs SA 3rd ODI) में साउथ अफ्रीका को 78 रनों से हरा दिया. इसी के साथ टीम इंडिया ने केएल राहुल (KL Rahul) के नेतृत्व में 3 मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली. पार्ल के बोलैंड पार्क में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 296 रन बनाए जिसके बाद मेजबानों की पारी 45.5 ओवर में 218 रन पर समेट दी.
संजू सैमसन ने जड़ा अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक
टॉस हारकर बल्लेबाजी को उतरी टीम इंडिया के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) ने 114 गेंदों पर 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 108 रन बनाए. उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक भी जड़ा. तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने भी 77 गेंदों पर 52 रनों का योगदान दिया. उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का जड़ा. संजू और तिलक ने चौथे विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी की. तिलक ने भी अपने करियर का पहला वनडे अर्धशतक जमाया.
रिंकू ने आखिरी में जड़े शॉट्स
इसके बाद रिंकू सिंह ने 27 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्के लगाते हुए 38 रन जोड़े. वह छठे नंबर पर बल्लेबाजी को उतरे और टीम को 300 के करीब पहुंचाने में योगदान दिया. साउथ अफ्रीका के लिए ब्यूरन हेंड्रिक्स ने 9 ओवर में 63 रन देकर 3 विकेट लिए. नान्द्रे बर्गर ने 2 विकेट लिए जबकि लिजाड विलियम्स, विआन मुल्डर और केशव महाराज को 1-1 विकेट मिला.
अर्शदीप का धमाल
फिर 297 रन का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम 45.5 ओवर में 218 रन पर ऑलआउट हो गई. टीम के लिए ओपनर टोनी डी जोरजी (81) टॉप स्कोरर रहे. उन्होंने 87 गेंदों की अपनी पारी में 6 चौके और 3 छक्के जड़े. उनके अलावा कप्तान ऐडन मार्कराम ने 36 रनों का योगदान दिया. मार्कराम ने 41 गेंदों का सामना किया और 2 चौके, 1 छक्का जड़ा. भारत के युवा पेसर अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) ने गेंद से कमाल दिखाया और 9 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट लिए. उनके अलावा पेसर आवेश खान और वॉशिंगटन सुंदर ने 2-2 विकेट झटके. मुकेश कुमार और अक्षर पटेल को 1-1 विकेट मिला.
विराट के बाद दूसरे कप्तान
इसी के साथ केएल राहुल के नाम भी एक उपलब्धि दर्ज हो गई. वह भारत के मात्र दूसरे कप्तान बने जिनके नेतृत्व में टीम ने साउथ अफ्रीका को उसी के घर में वनडे सीरीज में मात दी. भारत ने साउथ अफ्रीका में खेलते हुए दूसरी बार वनडे सीरीज जीती, 7 में उसे हार का सामना करना पड़ा है. इससे पहले 2018 में विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने साउथ अफ्रीका को उसके घर में वनडे सीरीज में मात दी थी. राहुल की कप्तानी में ही भारतीय टीम 2021 में साउथ अफ्रीका दौरे पर वनडे सीरीज खेली थी. उस सीरीज में भारत को 0-3 से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी थी.
[ad_2]
Source link