[ad_1]
देहरादून. भारत ने महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऑस्ट्रेलिया को मात दी. भारत (India Australia Test Match) ने 8 विकेट से जीत दर्ज की है. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए टेस्ट मैच में ऑलराउंडर स्नेह राणा (Sneh Rana) ने शानदार गेंदबाजी की. ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की दूसरी पारी में उन्होंने 2.90 की इकॉनमी से 22 ओवर में 63 रन देकर 4 विकेट झटके. पहली पारी में स्नेह ने 3 विकेट लिए थे. मैच की हीरो रहीं स्नेह राणा में कुल 7 विकेट लिए, जो एक टेस्ट में स्नेह की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के आंकड़े हैं. राणा ने अब तक 25 वनडे में 27 विकेट लिए हैं. उनका औसत 32.81 की और इकॉनमी 4.50 का रहा. वनडे मैच में 4/30 उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है. साथ ही उन्होंने 25 टी-20 इंटरनेशनल मैच में 24 विकेट झटके हैं. आज (24 दिसंबर 2023, दिन- रविवार) खत्म हुए टेस्ट मैच की बात करें, तो ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 219 रन और दूसरी में 261 रन पर सिमट गई. भारत ने पहली पारी में 406 रन बनाए थे. ओपनर स्मृति मंदाना ने कुल 112 रन बनाए. दूसरी पारी में कप्तान हरमनप्रीत कौर और राजेश्वरी गायकवाड़ ने 2-2 विकेट लिए.
2014 में किया था इंटरनेशनल डेब्यू
स्नेह राणा (Sneh Rana Cricket Records) आज भले ही भारतीय क्रिकेट टीम का अहम हिस्सा हैं लेकिन उत्तराखंड के देहरादून की रहने वाली स्नेह का करियर और जिंदगी उतार-चढाव भरी रही है. उन्होंने 2014 में भारत की तरफ से वनडे में इंटरनेशनल डेब्यू किया था. कुछ समय बाद वह चोटिल होकर टीम से बाहर हो गईं. 2016 के बाद उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर कर दिया गया. टीम से बाहर होने से पहले स्नेह ने सिर्फ 7 मैच खेले थे, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मेहनत और प्रदर्शन के दम पर जोरदार वापसी की.
पिता को याद करते हुए लिखा…
स्नेह राणा को 2021 में इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की टेस्ट और वनडे टीम के लिए चुना गया. 16 जून 2021 को ब्रिस्टल में खेले जाने वाले टेस्ट मैच से पहले टीम की जर्सी के साथ अपने पिता को याद करते हुए लिखा था, ‘काश! आप यह देखने और इस पल को जीने के लिए यहां होते.’ इंग्लैंड दौरे के लिए टीम की घोषणा होने से दो महीने पहले राणा के पिता का देहांत हो गया था. स्नेह ने कहा था कि भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करना उनके लिए भावुक पल था, क्योंकि उनके पिता उन्हें देश के लिए फिर से खेलते हुए देखना चाहते थे.
हारे हुए मैच का बदल दिया था रुख
स्नेह राणा ने भारतीय टीम में वापसी के बाद टेस्ट डेब्यू में अपने खेल से सभी को चौंकाया था और हारे हुए मैच का रुख बदलते हुए उसे ड्रॉ कराया था. उन्होंने तब 8वें नंबर पर बल्लेबाजी की थी और 80 रनों की नाबाद पारी खेली थी. उन्होंने 9वें विकेट के लिए तानिया भाटिया के साथ मिलकर 144 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की थी. इसके अलावा उन्होंने मैच की पहली पारी में चार विकेट भी लिए थे.
गुजरात जायंट्स ने 75 लाख रुपये में खरीदा
इस साल हुए वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के पहले सीजन में गुजरात जायंट्स ने स्नेह को 75 लाख रुपये में खरीदा था. WPL में 5 टीमों मुंबई इंडियंस, गुजरात जायंट्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर ने प्रतिभाग किया था. इसका दूसरा सीजन अगले साल फरवरी-मार्च में आयोजित किया जाएगा.
.
Tags: Indian women cricketer, Local18, Sneh Rana, Women cricket
FIRST PUBLISHED : December 24, 2023, 14:19 IST
[ad_2]
Source link