[ad_1]
IND vs SA, 1st Test: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट 26 दिसंबर से सेंचुरियन के सुपर स्पोर्ट्स पार्क मैदान पर खेला जाएगा. साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच के लिए प्लेइंग इलेवन का सेलेक्शन टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं होगा. सबसे पेचीदा मुद्दा मुकेश कुमार और प्रसिद्ध कृष्णा में से किसी एक को चुनने का होगा जो टखने की चोट से उबर रहे मोहम्मद शमी की जगह लेंगे.
सिरदर्द साबित होगा Playing 11 का सेलेक्शन
देखा जाए तो कुछ फैसले सीधे लग सकते हैं, लेकिन भारतीय टीम प्रबंधन के लिए चीजें उतनी आसान नहीं होगी. सेंचुरियन की पिच तेज गेंदबाजों के मुफीद रही है जो सख्त और उछाल भरी है जिस पर नमी भी है और इससे दिन के दूसरे हिस्से में रिवर्स स्विंग में मदद मिलती है. अगर ‘लेटरल मूवमेंट’ की बात की जाए तो कैरेबियाई सरजमीं पर टेस्ट डेब्यू कर चुके मुकेश सीधे प्लेइंग इलेवन में शामिल हो सकते हैं, लेकिन बंगाल का यह तेज गेंदबाज सफेद गेंद की सीरीज के दौरान सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं दिखा है.
‘रिवर्स स्विंग’ हासिल करने के लिए मशहूर
वह 40 फर्स्ट क्लास मैचों में 151 विकेट झटक चुके हैं. वह लंबे स्पैल डाल सकते हैं और रणजी ट्रॉफी क्रिकेट में चाय के बाद वह ‘रिवर्स स्विंग’ भी हासिल करने के लिए मशहूर हैं. मुकेश के निकटतम प्रतिद्वंद्वी द्रविड़ के पसंदीदा और बेंगलुरु के साथी प्रसिद्ध हैं जिनकी गेंदबाजी सुपरस्पोर्ट पार्क के लिए आदर्श हैं. वह 2015 में रणजी ट्रॉफी डेब्यू के बाद से 15 फर्स्ट क्लास मैच भी नहीं खेले हैं और अगर शमी फिट होते तो उन्हें शामिल करने की बात ही नहीं होती.
इस प्लेयर को मिल सकता है मौका
पोटचेफस्ट्रूम में पहले ‘अनौपचारिक टेस्ट’ में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ भारत ए के लिए पांच विकेट लेकर उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया. उन्हें पिच पर अधिक उछाल मिलने की उम्मीद है, लेकिन वह रन भी लुटा सकते हैं क्योंकि वह अपनी लाइन पर निरंतर नहीं रहते हैं. अगर वनडे की फॉर्म देखी जाए तो मुकेश इसमें पिछड़ सकते हैं, लेकिन अगर लाल गेंद के टैलेंट को देखा जाए तो वह प्रसिद्ध पर भारी दिखते हैं. भारत ने 2021 में तीन मैचों की सीरीज में अपना एकमात्र टेस्ट सुपरस्पोर्ट पार्क में ही जीता था. केएल राहुल पारी की शुरुआत करते हुए शतक की ओर बढ़ते हुए शानदार दिख रहे थे.
राहुल को बनाया जाएगा विकेटकीपर
लेकिन पिछले दो वर्षों में काफी बदलाव हुआ है, राहुल फॉर्म में नहीं रहे, ऋषभ पंत कार दुर्घटना में घायल हो गए, केएस भरत शीर्ष स्तर के क्रिकेट के लिए तैयार नहीं दिख रहे और वर्ल्ड कप की शुरुआत के बाद से बेंच पर बैठने के बाद ईशान किशन ने ‘मानसिक स्वास्थ्य ब्रेक’ मांगा है. राहुल को सीरीज के लिए विकेटकीपर नियुक्त किया गया था और वह पहले ही कह चुके हैं कि वह टीम की जरूरत के मुताबिक कोई भी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं. पिछली बार उन्होंने टीम में अपना स्थान गंवा दिया था और वह समझते हैं कि पंत की वापसी करने तक विकेटकीपिंग से उन्हें अतिरिक्त मदद तो मिलेगी ही, खराब बल्लेबाजी फॉर्म की भरपाई में भी मदद मिलेगी. हालांकि पंत की वापसी में अभी काफी समय लगेगा.
[ad_2]
Source link